आईपीएल 2026 : हेजलवुड और भुवनेश्वर ने दिल्ली कैपिटल्स की पारी को 75 रन पर समेटा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

नई दिल्ली। भुवनेश्वर कुमार ( तीन ओवर में पांच रन पर तीन विकेट) और जोश हेजलवुड (3.3 ओवर में 12 रन पर चार विकेट) की अगुवाई में नई गेंद से कमाल की गेंदबाजी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मैच में सोमवार को यहां दिल्ली कैपिटल्स को 16.3 ओवर में 75 रन पर आउट कर दिया पिछले मैच में पंजाब किग्स के खिलाफ दो विकेट पर 264 रन के साथ अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले कैपिटल्स की टीम का यह आईपीएल में तीसरा सबसे कम स्कोर है।

टीम के लिए अभिषेक पोरेल ने सबसे ज्यादा 30 रन का योगदान दिया। उनके अलावा डेविड मिलर (19) और काइल जैमीसन (12) ही दहाई के आंकड़े में रन बना सके। हेजलवुड और भुवनेश्वर की टेस्ट मैच जैसी ऑफ स्टंप के बाहर स्विंग होती गेंदों का कैपिटल्स के बल्लेबाजों के पास कोई जवाब नहीं था और टीम ने शुरुआती तीन ओवर में नौ रन तक छह विकेट गंवा दिए। पावरप्ले के बाद कैपिटल्स का स्कोर छह विकेट पर 13 रन था।

यह आईपीएल में पावरप्ले का सबसे कम स्कोर है। इससे पहले राजस्थान रॉयल्स ने 2009 में आरसीबी के खिलाफ दो विकेट पर 14 रन बनाए थे। पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर कैपिटल्स की शुरुआत बेहद खराब रही। पारी की दूसरी ही गेंद पर अनुभवी भुवनेश्वर कुमार ने पदार्पण कर रहे बाएं हाथ के युवा बल्लेबाज साहिल पारख को खाता खोले बिना बोल्ड किया, तो वहीं हेजलवुड ने शुरुआती दो गेंदों पर शानदार लय में चल रहे लोकेश राहुल (एक) और समीर रिजवी को आउट किया।

ट्रिस्टन स्टब्स (पांच) ने हेजलवुड के खिलाफ चौका जड़कर उन्हें हैट्रिक पूरी करने से रोका, लेकिन भुवनेश्वर ने तीसरे ओवर की पहली गेंद पर दक्षिण अफ्रीका के इस बल्लेबाज और फिर कप्तान अक्षर पटेल (शून्य) को आउट कर सात रन तक कैपिटल्स की आधी टीम को पवेलियन भेज दिया। कैपिटल्स को इसके बाद तीसरे ओवर में ही इम्पैक्ट प्लेयर का इस्तेमाल करना पड़ा, जब पारख की जगह पोरेल बल्लेबाजी के लिए आए लेकिन हेजलवुड ने पडिक्कल के हाथों नीतीश राणा (एक) को कैच कराया, जिससे टीम ने आठ रन तक छह विकेट गंवा दिए।

हेजलवुड और भुवनेश्व की शानदार गेंदबाजी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पावर प्ले में कैपिटल्स के बल्लेबाज सिर्फ एक चौका लगा सके। पोरेल ने सातवें ओवर में रसिख सलाम के खिलाफ चौका जड़कर 28 गेंदों के बाउंड्री के सूखे को खत्म किया, तो वहीं मिलर ने भी इसी ओवर में दूसरा चौका लगाकर दबाव को कम किया। उन्होंने इसके बाद एक रन चुराकर टी20 प्रारूप में 12000 रन पूरे किए।

मिलर ने सलाम के खिलाफ दो चौके लगाए, तो लगा कि कैपिटल्स की पारी कुछ हद तक पटरी पर लौट आएगी, लेकिन वह गेंद को हवा में खेल बैठे और जितेश ने आसान कैच पकड़कर 31 गेंदों में 35 रन की साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद धूल भरी आंधी के कारण खेल में थोड़ी रुकावट आई। धूल के साथ इस आंधी में कच्ची रूई, कागज और कपड़े के टुकड़े भी उड़कर मैदान में गिरने लगे, लेकिन अंपायरों ने मैच जारी रखने का फैसला किया।

जैमीसन ने रोमारियो शेफर्ड की गेंद पर कैपिटल्स की पारी का पहला छक्का जड़कर 11वें ओवर में टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया। वह हालांकि कृणाल पंड्या की गेंद पर पगबाधा हो गए। सुयश शर्मा के दो वाइड से दिल्ली ने पारी के 14वें ओवर में आईपीएल इतिहास के अपने सबसे कम स्कोर को पार किया। सुयश शर्मा ने कुलदीप यादव (तीन) को बोल्ड कर कैपिटल्स को नौवां झटका दिया, तो वहीं हेजलवुड ने पोरेल को आउट कर कैपिटल्स की पारी समेट दी।

संबंधित समाचार