PV Sindhu Japan Open Final: पीवी सिंधु ने तोड़ा चेन यूफेई का विजय रथ, पहली बार जापान ओपन के फाइनल में बनाई जगह

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

सेमीफाइनल में चीन की चेन यूफेई को हराकर पीवी सिंधु ने रचा इतिहास, दो साल बाद किसी बड़े टूर्नामेंट के फाइनल में खेलेंगी मुकाबला।

डिजिटल डेस्कः भारतीय स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जापान ओपन सुपर-750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल में सिंधु ने चीन की मजबूत खिलाड़ी चेन यूफेई को मात देकर अपने करियर में पहली बार जापान ओपन के फाइनल का टिकट हासिल किया। यह मुकाबला सिंधु के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण माना जा रहा था, क्योंकि इससे पहले वह चेन यूफेई के खिलाफ अपने पिछले पांच मुकाबले हार चुकी थीं।

अब 19 जुलाई को होने वाले फाइनल मुकाबले में पीवी सिंधु का सामना अकाने यामागुची और कुसुमा वर्दानी के बीच खेले जाने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता से होगा।

पहले सेट में शानदार वापसी, दूसरे में भी बनाए रखा दबदबा

सेमीफाइनल की शुरुआत से ही पीवी सिंधु आक्रामक अंदाज में नजर आईं। पहले सेट में उन्होंने एक समय 10-5 की बढ़त बना ली थी। हालांकि, चेन यूफेई ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबले को रोमांचक बना दिया और स्कोर 19-19 की बराबरी तक पहुंच गया।

दबाव के इस क्षण में सिंधु ने संयम बनाए रखा और लगातार दो अंक जीतकर पहला सेट 21-19 से अपने नाम किया। दूसरे सेट में भी भारतीय खिलाड़ी ने अपनी लय बरकरार रखी और 15-10 की बढ़त बना ली। इसी दौरान चेन यूफेई को हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण मैच छोड़ना पड़ा, जिसके बाद सिंधु फाइनल में पहुंच गईं।

क्वार्टर फाइनल में मिला था वॉकओवर

सेमीफाइनल से पहले क्वार्टर फाइनल में पीवी सिंधु को पूर्व विश्व चैंपियन नोआमी ओकुहारा के खिलाफ वॉकओवर मिला था। इसके बाद सिंधु ने सेमीफाइनल में अपने अनुभव और बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल का टिकट पक्का किया।

दो साल बाद किसी टूर्नामेंट का फाइनल खेलेंगी सिंधु

साल 2026 पीवी सिंधु के लिए शानदार साबित हो रहा है। इस दौरान उनकी विश्व रैंकिंग 18वें स्थान से सुधरकर 9वें स्थान पर पहुंच गई है। इसके साथ ही वह लगभग दो साल बाद किसी टूर्नामेंट का फाइनल खेलने उतरेंगी। इससे पहले उन्होंने 2024 सैयद मोदी इंटरनेशनल के फाइनल में जीत दर्ज की थी।

यह भी पढ़ेंः Rohit Sharma at Lord's: लॉर्ड्स पर नहीं चला 'हिटमैन' का बल्ला, 5 इंटरनेशनल मैचों में कैसा रहा रोहित शर्मा का रिकॉर्ड?

संबंधित समाचार