बाराबंकी : समीक्षा बैठक में अपराधियों को सजा दिलाने पर जोर, दोषमुक्त प्रकरणों पर सख्ती

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित लोकसभागार में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय की उपस्थिति में अभियोजन कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने बीते माह में दोषमुक्त हुए प्रकरणों की गहन समीक्षा करते हुए अभियोजकों से विस्तृत जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि अभियोजन की कमजोरी के कारण कोई भी अपराधी दोषमुक्त न होने पाए। अपने बयानों से मुकरने वाले वादियों के विरुद्ध धारा-22 के तहत कार्रवाई की प्रगति की भी समीक्षा की गई और ऐसे मामलों में विधिक प्रावधानों का कड़ाई से पालन करते हुए प्रकीर्ण वाद दर्ज कराने के निर्देश दिए गए।

गैंगेस्टर एक्ट से जुड़े मामलों की विशेष समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अभियोजकों को न्यायालय में ठोस एवं प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने को कहा, ताकि अपराधियों को कठोर सजा मिल सके। उन्होंने बेस मुकदमों में भी किसी प्रकार की शिथिलता न बरतने और विवेचना से लेकर साक्ष्य संकलन तक हर स्तर पर गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अभियोजकों से जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करते हुए न्यायालय में सरकार का पक्ष मजबूती से रखने पर जोर दिया, जिससे संगठित अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित हो सके। बैठक में अभियोजन अधिकारी, शासकीय अधिवक्ता एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार