MI की सबसे शर्मनाक हार: 103 रनों से धुलाई, हार्दिक पांड्या ने पावरप्ले फेलियर पर जताया दुख, जानें कौन है जिम्मेदार

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

मुंबईः मुंबई इंडियंस (MI) का IPL 2026 सीजन अभी तक निराशाजनक रहा है। गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने उन्हें 103 रनों के विशाल अंतर से हरा दिया। यह MI की IPL इतिहास की सबसे बड़ी हार है। पहली बार जब वे 100 या उससे ज्यादा रनों से हारे हैं। CSK के लिए भी यह रनों के आधार पर अब तक की सबसे बड़ी जीत रही।

चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 207/6 का मजबूत स्कोर खड़ा किया, जिसमें संजू सैमसन ने तूफानी शतक जड़ा। MI की पूरी टीम चेज में 104 रनों पर सिमट गई। कप्तान हार्दिक पांड्या खुद गेंदबाजी में महंगे साबित हुए और बल्लेबाजी में भी फ्लॉप रहे। मात्र 1 रन बनाकर दूसरी गेंद पर आउट हो गए।

हार्दिक पांड्या का मैच के बाद बयान

हार्दिक ने हार स्वीकार करते हुए कहा कि “पावरप्ले में जल्दी विकेट गंवाना हमेशा मुश्किल होता है। उसके बाद आप मैच में पीछे ही रह जाते हो और हम उससे बाहर नहीं निकल पाए। हमें बेहतर बल्लेबाजी करनी चाहिए थी। उन्होंने भी तो इसी पिच पर बल्लेबाजी की थी। संजू सैमसन ने शानदार पारी खेली, उनके बल्लेबाज आते रहे और धीरे-धीरे अच्छा स्कोर खड़ा कर दिया।  

इस स्कोर का पीछा करने के लिए हमें एक अच्छा पावरप्ले और मोमेंटम की जरूरत थी, लेकिन वो नहीं हो पाया।”

मैच का हाल

MI की शुरुआत बेहद खराब रही। पावरप्ले में ही 11 रनों पर 3 विकेट गिर गए — क्विंटन डिकॉक (7), नमन धीर (0) और दानिश मालेवर (0) सस्ते में पवेलियन लौट गए।  

सूर्यकुमार यादव (36) और तिलक वर्मा (37) ने 73 रनों की साझेदारी कर कुछ उम्मीद जगाई, लेकिन 84 के स्कोर पर यह जोड़ी टूटते ही MI की पारी बिखर गई। अगले 20 रनों के अंदर बाकी सभी विकेट गिर गए।  

सूर्या और तिलक को छोड़कर कोई भी MI बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। हार्दिक पांड्या 1, शेरफेन रदरफोर्ड 0 और शार्दुल ठाकुर 6 रन बनाकर आउट हुए।

CSK की तरफ से संजू सैमसन का शतक मैच का टर्निंग पॉइंट रहा, जिसने MI के गेंदबाजों की धुनाई की और टीम को मजबूत आधार दिया।

MI अब इस हार से उबरने की कोशिश करेगी, लेकिन पावरप्ले की कमजोरी और मिडिल ऑर्डर का अस्थिर प्रदर्शन उनके लिए बड़ी चिंता बनी हुई है। क्या यह हार टीम को जागने का मौका देगी? IPL 2026 में MI का सफर अभी लंबा है।

संबंधित समाचार