Bareilly : सीबीगंज में खुले नाले में गिरकर युवक की मौत
दो दिन बाद ग्रामीणों ने नाले में देखा शव, पुलिस ने निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया
सीबीगंज, अमृत विचार। सीबीगंज क्षेत्र के नदोसी गांव में एक युवक की खुले नाले में गिरकर मौत हो गई। हैरानी की बात यह रही कि आबादी और मेडिकल स्टोर से घिरे इलाके में घटना होने के बावजूद किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। पुलिस ने घटना के दो दिन बाद बुधवार सुबह शव को नाले से बरामद किया।
सीबीगंज के पचागोटिया गांव निवासी मेघनाथ (30) पुत्र तिलकराज लोधी सोमवार दोपहर से घर से लापता थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने परसाखेड़ा चौकी पुलिस में सूचना देकर अनहोनी की आशंका जताई थी। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने नदोसी गांव में नहर की पुलिया के पास खुले नाले में शव पड़ा होने की सूचना दी। परसाखेड़ा चौकी पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची और नाले से शव को निकाला। नाले में गंदा पानी और कूड़ा-करकट भरा होने के कारण शव दिखाई नहीं दे रहा था। शव की शिनाख्त मेघनाथ के रूप में होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
इंस्पेक्टर सीबीगंज प्रदीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि ग्रामीणों के मुताबिक, मेघनाथ शराब पीने का आदी था। कुछ लोगों ने उसे सोमवार दोपहर गांव के पास शराब पीते देखा था। अनुमान लगाया जा रहा है कि वह पास की शराब की दुकान से शराब लेकर पुलिया के पास बैठा होगा और नशे की हालत में नाले में गिर गया होगा, जिससे उसकी मौत हो गई। बहरहाल फील्ड यूनिट ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। जांच की जा रही है।
सेटेलाइट पर भी नाले में गिरकर हो चुकी युवक की मौत
24 मार्च को सेटेलाइट बस स्टेशन के पास खुले नाले में गिरकर हरदोई के युवक तौहीद की मौत हो गई थी। जांच कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में दो जूनियर इंजीनियरों (जेई), एक सफाई नायक, एक सुपरवाइजर और ठेकेदार को मुख्य रूप से दोषी माना। अपर नगर आयुक्त शशि भूषण सिंह और पर्यावरण अभियंता की जांच रिपोर्ट में कहा कि जिस स्थान पर नाले का कार्य चल रहा था, वहां सुरक्षा के न्यूनतम मानकों का भी पालन नहीं किया गया था। न तो कोई बैरिकेडिंग की गई थी और न ही रात में राहगीरों को आगाह करने के लिए कोई चेतावनी बोर्ड या लाइट का इंतजाम था। इसी अनदेखी की कीमत तौहीद को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी थी और उसका शव 30 घंटे की मशक्कत के बाद गहरे नाले से निकाला जा सका था। वहीं, अब सीबीगंज के नदौसी गांव में नाले में गिरकर युवक की जान चली गई। हालांकि इस मामले में अभी परिजनों की ओर से शिकायत नहीं की गई है।
