Uttrakhand:हाईप्रोफाइल ड्रामा...सुसाइड करने ओवरब्रिज पहुंची प्रेमिका ने किया हंगामा

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। काशीपुर फ्लाईओवर ओवरब्रिज पर उस वक्त यातायात थम सा गया जब एक प्रेमिका प्रेमी की बेवफाई से खफा होकर सुसाइड करने पहुंच गई। आरोप था कि तहरीर देने के बाद भी कोतवाली पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद युवती को समझाकर कोतवाली ले आई।

कोतवाली इलाके की गांधी कॉलोनी की रहने वाली एक युवती का वहीं के रहने वाले एक युवक से वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ दिन पहले युवती को भनक लगी कि युवक उसे छोड़कर दूसरी लड़की से शादी कर रहा है। इसके बाद प्रेमिका ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप मढ़ दिया और प्रेमी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करने की जिद करने लगी।

अभी जांच शुरू भी नहीं हुई थी कि शनिवार को अचानक प्रेमिका ने कोतवाली पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने और प्रेमी के दबाव में मुकदमा दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया। साथ ही मुंह ढक कर दोपहर दो बजे हाथ में तख्ती लेकर काशीपुर हाईवे स्थित ओवरब्रिज पहुंची और ऐलान किया कि वह शाम चार बजे ओवर ब्रिज से कूदकर अपनी जान दे देगी। तख्ती पर लिखा था कि कोतवाल के कई चक्कर काटने के बाद भी उसकी सुनवाई नहीं हुई और आखिर में युवक का नाम लिखा हुआ था।

सूचना मिलते ही एसएसआई अनिल जोशी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और युवती को समझाने की कोशिश की। जिस पर युवती ने जमकर खरी खोटी सुनाई और कार्रवाई का आश्वासन देकर सुसाइड का हाई प्रोफाइल ड्रामा शांत करवाकर कोतवाली लेकर आई। बताया जा रहा है कि पुलिस ने युवक को फोन कर कोतवाली बुलाया और प्रकरण की तफ्तीश शुरू कर दी है।

 

संबंधित समाचार