Uttrakhand:वीकेंड पर सरोवर नगरी में उमड़ा सैलाब, नैनीताल और कैंची धाम में दिनभर जाम से जूझे पर्यटक
नैनीताल, अमृत विचार। वीकेंड के मौके पर सरोवर नगरी नैनीताल में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बड़ी संख्या में पहुंचे पर्यटकों ने शहर के विभिन्न पर्यटन स्थलों का दीदार किया। भीड़भाड़ के कारण अधिकांश पर्यटन स्थल गुलजार रहे, जिससे छोटे-बड़े पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोग भी उत्साहित नजर आए। हालांकि पर्यटकों की अत्यधिक आमद के चलते शहर में दिनभर जाम जैसे हालात बने रहे। खासतौर पर मॉल रोड, तल्लीताल और आसपास के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे स्थानीय लोगों और सैलानियों दोनों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
नैनीताल शहर में पार्किंग स्थल फुल होने के बाद स्थिति और बिगड़ गई। शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों को रूसी बाईपास पर रोका गया और वहां से शटल सेवा के माध्यम से पर्यटकों को शहर में भेजा गया। इसके बावजूद यातायात व्यवस्था पर लगातार दबाव बना रहा। इधर, कैंची धाम क्षेत्र में भी दिनभर लंबा जाम लगा रहा। बाबा नीम करौली धाम के दर्शन को पहुंचे श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ के चलते सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई, जिससे लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार लग रहे जाम से उनका जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि वीकेंड और पर्यटन सीजन में बेहतर यातायात और पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि समस्या से राहत मिल सके।
होटल कारोबार भी इस वीकेंड पर चरम पर रहा। होटल एसोसिएशन अध्यक्ष दिग्विजय बिष्ट ने बताया कि वीकेंड के दौरान शहर के होटल लगभग 70 प्रतिशत तक ऑनलाइन बुक हो चुके हैं और लगातार बुकिंग की मांग बनी हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाला वीकेंड पर्यटन कारोबार के लिहाज से और बेहतर रहेगा। यातायात व्यवस्था को लेकर एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों के लिए पुलिस द्वारा वैकल्पिक मार्गों और शटल सेवा की व्यवस्था की गई है। भीमताल और भवाली से भी शटल सेवा संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि पार्किंग फुल होने के बाद वाहनों को बाईपास पर रोककर नियंत्रित तरीके से प्रवेश दिया जा रहा है, ताकि जाम की स्थिति को नियंत्रित किया जा सके। प्रशासन द्वारा लगातार व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन पर्यटकों की बढ़ती संख्या के चलते चुनौतियां भी बढ़ रही हैं। आने वाले दिनों में भी भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए यातायात और पार्किंग व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
