गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: ट्रक का टायर फटने से कार से टक्कर, एक ही परिवार के तीन गंभीर

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

रायबरेली। डलमऊ कोतवाली क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कटघर गांव के पास प्रयागराज की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक का अचानक टायर फट गया। टायर फटते ही ट्रक अनियंत्रित होकर सामने जा रही कार से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार माता-पिता और उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।

स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डलमऊ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

डॉक्टरों के अनुसार तीनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि घायल परिवार जौनपुर जनपद का निवासी है और किसी कार्य से प्रयागराज की ओर जा रहा था।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा।

संबंधित समाचार