Moradabad: मूंढापांडे में बस पलटने से 50 यात्री घायल, चालक नशे की हालत जा रहा था हरियाणा
मुरादाबाद, अमृत विचार। मूढापांडे क्षेत्र में निजी बस चालक की लापरवाही से अनियंत्रित होकर बस पलट गई। हादसे में 40 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बस में बैठे यात्रियों के अनुसार चालक के स्थान पर हेल्पर बस चला रहा था। शुक्रवार की रात हुए हादसे ने परिवहन विभाग पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों और जागरूकता अभियानों के बावजूद सड़क हादसे नहीं रुक रहे हैं।
शुक्रवार को कम किराये के लालच में बैठे 150 सवारियों से भरी प्राइवेट बस सीतापुर से हरियाणा के कुंडली जा रही थी। तेज रफ्तार स्लीपर बस रामपुर पार करते ही लहराने लगी थी। घबराए यात्रियों ने कई बार शोर भी मचाया, लेकिन चालक पर कोई असर नहीं हुआ और मूंढापांडे पहुंचकर बस पलट गईं। घायल यात्रियों को अस्पताल पहुंचाने का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे।
घायल यात्रियों ने जिला अस्पताल में पुलिस अधिकारियों को बताया कि चालक शराब के नशे में थे। वह बस को कंट्रोल नहीं कर पा रहा था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। नियमों के पालन को लेकर लापरवाही और निगरानी की कमी सामने आ रही है। वहीं दूसरी ओर, निजी बसों के संचालन पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो सका है। स्थिति यह है कि निजी बसें खुलेआम रोडवेज बस स्टैंड के आसपास से ही सवारियां भर रही हैं और मनमानी तरीके से संचालन कर रही हैं। तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग भी हादसों की बड़ी वजह बन रही है।
