सर्वोदय विद्यालयों का UP बोर्ड में शानदार प्रदर्शन: हाईस्कूल में 99.19% और इंटर में 99.03% पास प्रतिशत, गाजियाबाद की छात्राओं ने जिले में बनाई टॉप मेरिट
लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) के परीक्षा परिणामों में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता का नया मानक स्थापित किया है। हाईस्कूल में इन विद्यालयों का परिणाम 99.19 प्रतिशत और इंटरमीडिएट में 99.03 प्रतिशत दर्ज किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, यह सफलता गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर संसाधनों और अनुशासित वातावरण का परिणाम है। सरकार द्वारा स्मार्ट क्लास, प्रशिक्षित शिक्षकों की तैनाती और आधुनिक प्रयोगशालाओं जैसी सुविधाओं ने छात्रों के प्रदर्शन को नई दिशा दी है।
गाजियाबाद के जय प्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय, निडौरी की छात्राओं ने विशेष उपलब्धि हासिल की। इंटरमीडिएट विज्ञान वर्ग में अंजली पुंडीर ने 88.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में चौथा स्थान प्राप्त किया, जबकि अंशिका ने 87.40 प्रतिशत अंक के साथ छठा स्थान हासिल किया।
हाईस्कूल परीक्षा में कुल 2457 परीक्षार्थियों में से 2437 छात्र-छात्राएं सफल रहे। प्रमुख मेधावियों में गाजीपुर की उजाला निषाद (94.33 प्रतिशत), प्रयागराज की अनुष्का त्रिपाठी (93.16 प्रतिशत), बांदा के पवन कुमार (92.67 प्रतिशत), भदोही के आदर्श कुमार (92.66 प्रतिशत) और चंदौली के सुनील कुमार (92.50 प्रतिशत) शामिल रहे।
इंटरमीडिएट विज्ञान वर्ग में 1058 में से 1046 छात्र-छात्राएं सफल हुए, जबकि कला वर्ग में 801 में से 795 विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की। कला वर्ग में बिजनौर की राधिका (86.80 प्रतिशत), कुशीनगर की सुमन भारती (86.20 प्रतिशत) और अमेठी की शालू (85.20 प्रतिशत) ने बेहतर प्रदर्शन किया। वहीं विज्ञान वर्ग में गाजियाबाद की अंजली पुंडीर, फतेहपुर के दीपक सिंह (88.00 प्रतिशत) और अन्य छात्रों ने उल्लेखनीय अंक हासिल किए।
