Moradabad:रामगंगा नदी में बड़ी संख्या में मरी मछलियां, पानी जहरीला होने की आशंका
मुरादाबाद, अमृत विचार। शहर से गुजर रही रामगंगा नदी में अचानक बड़ी संख्या में मछलियों के मरने से अफरा तफरी मच गई। नदी किनारे स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
शुक्रवार को मुरादाबाद रामपुर स्टेट हाईवे पर कटघर पुल के नीचे रामगंगा नदी के किनारे पानी की सतह पर बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां उतराई दिखीं। यह देख्ने के लिए लोग जुट गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि महानगर के लिए बनाए गए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट ( एसटीपी) का नाला सीधे रामगंगा नदी में गिर रहा है। लोगों का मानना है कि इस नाले से निकलने वाला पानी जहरीला हो सकता है, जिसके कारण मछलियां मर रही हैं।
इसकी जानकारी पर मौके पर लोग जुट गए। हालांकि, प्रशासन या संबंधित विभाग की ओर से अभी तक इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी डीके गुप्ता ने बताया कि पानी में किसी प्रकार के रासायनिक प्रदूषण या ऑक्सीजन की कमी के कारण इस तरह की घटनाएं हो सकती हैं। इसकी जांच कराई जाएगी और यदि पानी में प्रदूषण की पुष्टि होती है, तो इसके दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
