प्रयागराज में पानी की टंकी पर चढ़ी युवती, फेसबुक पर लाइव आकर काटा हंगामा, जानें पूरा मामला
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के गंगानगर क्षेत्र स्थित फाफामऊ नाला के पास पानी की टंकी पर शनिवार दोपहर एक युवती के चढ़ जाने से हड़कंप मच गया। युवती एक घंटे से अधिक समय तक टंकी पर चढ़ी रही और नीचे उतरने से इनकार करती रही, जिससे मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवती सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर लाइव आकर लगातार अपनी बात रख रही थी। उसका आरोप है कि उसे एक मामले में झूठा फंसाया गया है और जब तक उसके खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस नहीं लिया जाएगा, वह नीचे नहीं उतरेगी।
बताया जा रहा है कि मामला एक महंगे मोबाइल फोन की खरीद में कथित धोखाधड़ी से जुड़ा है। कैंट थाना क्षेत्र निवासी अधिवक्ता मोहम्मद आलम ने न्यायालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने फाफामऊ स्थित एक टेलीकॉम दुकान से करीब डेढ़ लाख रुपये का आईफोन खरीदा था। आरोप है कि भुगतान के बावजूद मोबाइल का बिल दुकान संचालकों ने अपने कर्मचारी पल्लवी के नाम पर बना दिया।
सूत्रों के अनुसार बाद में इसी कर्मचारी के माध्यम से मोबाइल चोरी की शिकायत भी अधिवक्ता के खिलाफ दर्ज कराई गई। मामले में न्यायालय के आदेश पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है। बताया जा रहा है कि टंकी पर चढ़ी युवती वही पल्लवी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुट गए। समाचार लिखे जाने तक उसे समझाने-बुझाने का प्रयास जारी था। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और युवती को सकुशल नीचे उतारने को प्राथमिकता दी जा रही है।
