अंबेडकरनगर में सनसनाखेज वारदात : ईंट से कूचकर चार मासूम बच्चों की निर्मम हत्या, मां पर शक
अंबेडकरनगर, अमृत विचार। जनपद में एक मां ने अपने ही चार मासूम बच्चों की ईंट से कूचकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के समय घर का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस दरवाजा तोडक़र अंदर घुसी। जिसके बाद बिस्तर पर खून से लथपथ बच्चों का शव मिला। मौके पर बच्चों की मां नहीं मिली। जांच में पता चला कि महिला का पति नियाज सऊदी में रहता है, वह पिछले चार साल से घर नहीं आया है। वह तीन साल पहले सऊदी में किसी पाकिस्तानी महिला से शादी भी कर लिया है।
वहीं पिछले साल नियाज की पत्नी गाजिया खातून सऊदी गई थी, तभी से दोनों का आपस में विवाद चल रहा है। आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से महिला तनाव में थी, जिसके चलते उसने बच्चों की हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस को संदेह है कि महिला ने बच्चों की ईंट से कूचकर हत्या की और बालकनी से कूदकर फरार हो गई है। घटना अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के मुरादाबाद मोहल्ले की है।
बता दें कि मुरादाबाद मोहल्ले में नियाज की पत्नी गाजिया खातून 35 वर्ष अपने चार बच्चों शफीक 14 वर्ष, सउद, 12 वर्ष, उमर 10 वर्ष और बेटी शादिया 8 वर्ष के साथ रहती थी। नियाज सऊदी में रहा है। वह पिछले चार वर्ष से घर नहीं आया है। शनिवार की दोपहर घर के अंदर चारों बच्चों का शव मिला। मासूम बच्चों का खून से लथपथ शव बिस्तर पर पड़ा था और घर का दरवाजा अंदर से बंद था। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और अंदर घुसी। मौके पर बच्चों की मां गायब मिली।
घटना की जानकारी होने के बाद पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह, जिलाधिकारी ईशा प्रिया, सीओ नीतीश तिवारी, कोतवाली श्रीनिवास पांडेय, उप जिलाधिकारी सदर प्रतीक्षा सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को शक है कि गाजिया खातून ने ही ईंट से वार कर मासूम बच्चों की हत्या किया। वारदात को अंजाम देने के बाद गाजिया खातून बालकनी से कूदकर फरार हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर का दरवाजा तोडक़र शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं।
एसपी बोलीं- पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने बताया कि अकबरपुर के मुरादाबाद मोहल्ले में चार मासूम बच्चों के हत्या हुई है। मामले में हर एंगल से जांच-पड़ताल की जा रही है। जिस मकान में घटना हुई है वह फरार महिला गाजिया खातून के नाम पर है। प्रारंभिक तौर पर प्रॉपर्टी विवाद की भी आशंका जताई जा रही है, लेकिन अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता है। हत्या कैसे की गई इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा। मृतक का पिता साउदी अरब में रहकर काम करता है, वह पिछले चार वर्ष से घर नहीं लौटा है। इस पारिवारिक स्थित को भी जांच में शामिल किया गया है। फरार महिला की गिरफ्तार के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
आईजी बोले- आईजी रेंज अयोध्या परिक्षेत्र सोमेन वर्मा ने देर शाम घटना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मासूम बच्चों की हत्या के बारे में अधिकारियों से जानकारी हासिल किया। आईजी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मृतक बच्चों की मां राजिया खातून के खिलााफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की चार टीमों का गठन किया गया है। सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
