Bareilly: दुश्मन-दोस्त या कातिल कोई और, रायपुर हंस कांड की उलझी कहानी
बरेली, अमृत विचार। चर्चित गांव रायपुर हंस में लव मैरिज को लेकर अदावत और तनातनी के बीच युवती के चाचा इंद्रपाल सिंह की हत्या में पुलिस फिलहाल उलझी नजर आ रही है। मृतक पक्ष की ओर से नामजद एफआईआर दर्ज कराने से पहले ही हिस्ट्रीशीट ऋषिपाल सिंह गुट भूमिगत हो गया है। कई ऐसे लोग भी गायब हो गए हैं, जिनका मृतक से कभी विवाद हुआ था। घटना के सिलसिले में मृतक के करीबी दोस्त के अलावा प्रधान व पोस्टमैन के पुत्र सहित कई लोगों से पुलिस ने लंबी पूछताछ की है। अफसर कई एंगिल पर जांच की बात कह रहे हैं, हालांकि मर्डर मिस्ट्री और कातिल कौन को लेकर उठ रहे सवालों के जवाब अभी किसी के पास नही हैं।
हत्याकांड का शिकार हुए इंद्रपाल सिंह की भतीजी स्वाति और गांव के हिस्ट्रीशीटर ऋषिपाल सिंह के पुत्र विकास की लव मैरिज से दोनों गुटों के बीच पैदा हुई रंजिश की बात किसी से छिपी नहीं थी। मारे गए इंद्रपाल भी दबंग छवि के थे और उनके खिलाफ पुलिस रिकार्ड में 10 मुकदमे दर्ज चल रहे थे। जेल भी हो चुकी थी। जमानत पर छूटकर आए थे। हाल में इंद्रपाल ने कुछ जमीन भी बेची थी, जिसका बहुत पैसा मिला था। ऐसे हालात में जिस तरह सुनियोजित तरीके से उनको सोते में गोलियां बरसाकर मौत के घाट उतारा गया, उसे लेकर कई सवाल पैदा हो रहे हैं। इंद्रपाल की गोली मारकर हत्या के बाद गांव में तनाव बढ़ गया है। मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इसके साथ की गांव से वो लोग भी भाग गए है जिनसे इंद्रपाल का विवाद हुआ था।
रायपुर हंस गांव में आपसी रंजिशों के चलते लगातार लोगों की हत्याएं हुई हैं। इंद्रपाल की हत्या से गांव में तनाव बढ़ गया है। मृतक पक्ष ने इंद्रपाल की हत्या को लेकर हिस्ट्रीशीटर ऋषिपाल सिंह के साथ उसके तीन बेटे सर्वेश, संगम, विकास और रिश्तेदार तेजपाल के खिलाफ घंटों बाद रिपोर्ट दर्ज करा दी है। बताया ये भी जा रहा है कि कुछ लोगों से इंद्रपाल का ताजा विवाद हुआ था। वे लोग भी गायब में नजर नहीं आ रहे हैं। पुलिस टीमें जहां एक ओर हत्यारोपियों की तलाश में जुटी है, दूसरी ओर दूसरे बिंदुओं पर भी तेजी से तहकीकात में भी लगी हैं। पुलिस की जांच का फोकस इंद्रपाल के जमीन बेचने और पास में मोटे पैसे होने की ओर भी है।
संदिग्धों से की जा रही पूछताछ
फरीदपुर पुलिस ने इंद्रपाल की हत्या के मामले में कई लोगों को हिरासत में लेकर लंबी पूछताछ की है। इसमें इंद्रपाल का करीबी बताया जा रहा युवक भी है। उसी ने सबने पहले शव देखा था। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसको छोड़ दिया। प्रधान से भी जानकारी की गई। साथ ही कुछ और लोगों के बारे में भी पड़ताल की गई है।
फोन सर्विलांस की भी ली जा रही मदद
पुलिस ई-साक्ष्य को भी जुटा रही है। कुछ लोगों की कॉल डीटेल भी निकाली जा रही हैं। रात में किसने किससे कितनी बात की इसकी भी जांच की जा रही है। इसके साथ कुछ लोगों की लोकेशन भी ट्रैस की जा रही है। कि वह लोग घटना के समय कहां पर थे।
एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने बताया कि हत्या के खुलासे के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं। पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है। जिनके नाम मुकदमा लिखा गया है वह गांव से फरार है। जिनसे मृतक का झगड़ा हुआ वह भी गांव से गायब है। सबकी तलाश की जा रही है।
