ITF Tennis Tournament: यूपी के अभिउदय पहुंचे क्वालीफाइंग के अगले दौर में, चीन के कैन लावानी ने भी बनाई जगह

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: गोमती नगर स्थित विजयंत खंड मिनी स्टेडियम में शुरू हुए आईटीएफ जूनियर जे-30 टेनिस टूर्नामेंट में बालक वर्ग के क्वालीफाइंग मुकाबलों में उत्तर प्रदेश के अभिउदय सिंह और चीन के कैन लावानी सहित कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया। अभिउदय सिंह ने पहले दौर में हारिस खान को 6-3, 6-2 से हराया। मैच के दौरान उनका फुटवर्क और सर्विस गेम बेहद प्रभावी रहा, जिससे प्रतिद्वंद्वी को वापसी का मौका नहीं मिला। वहीं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी कैन लावानी ने भारत के रोहिन राज गुप्ता को एकतरफा मुकाबले में 6-0, 6-2 से मात दी। लावानी ने दमदार स्ट्रोक्स के साथ रोहिन की सर्विस तीन बार ब्रेक की। अन्य मुकाबलों में भारत के अथर्व शुक्ला ने कड़े संघर्ष में मोहम्मद शीज को 4-6, 6-2, 10-6 से हराया।

कुशाग्र भारद्वाज ने भी शानदार वापसी करते हुए निथिनबराथ केएस को 2-6, 6-1, 10-5 से पराजित किया। निकुंज खुराना ने नभित शर्मा को 6-0, 6-0 से, पार्थिव नल्लागुंडला ने ध्रुव प्रमोद को 6-0, 6-1 से और वीरेन सूर्यवंशी ने अमन सिंह को 6-0, 6-1 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। इसके अलावा श्रेयंत महंतेशा, रौनक गिलरा, माधव दाधीच, अथर्व श्रीरामोजु और हर्ष मारवाहा ने भी अपने-अपने मुकाबले जीतकर आगे बढ़त बनाई। आयोजन सचिव समित केसरी के अनुसार, रविवार को क्वालीफाइंग के अंतिम दौर के मैच खेले जाएंगे, जिसके बाद 4 से 9 मई तक मुख्य ड्रॉ के मुकाबले आयोजित होंगे।

महिला वर्ग के परिणाम

बालिका वर्ग के क्वालीफाइंग मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया की तृषा जानी ने भारत की सानवी रविकांत राजू को 6-3, 6-4 से हराया। शाजफा वानिया ने पाखी बिष्ट को 6-0, 6-0 से हराया। मोदी हेमाक्षी मयूर ने अहाना को 4-6, 7-5, 10-6 से पराजित किया। इसके अलावा लेख्या श्री नुन्नबोइना ने प्रीतिका राणा को 6-1, 7-5 से और सारा हुडा ने अमेरिका की अनाया सेन को 6-3, 7-5 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।

संबंधित समाचार