इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स मिशन मोड में... बोले CM योगी- 31 मई तक 90% भूमि अधिग्रहण का लक्ष्य
31 मई तक एक्सप्रेसवे के लिए 90 प्रतिशत भूमि अधिग्रहण का लक्ष्य, डिफेंस कॉरिडोर में बीईएल यूनिट का जल्द शिलान्यास
लखनऊ, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्सप्रेसवे, लॉजिस्टिक्स हब और औद्योगिक परियोजनाओं को मिशन मोड में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। शनिवार को स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन की बैठक में उन्होंने प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रक्रियात्मक बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर कर समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने फर्रुखाबाद लिंक, चित्रकूट लिंक और जेवर लिंक एक्सप्रेसवे के लिए 31 मई तक 90 प्रतिशत भूमि अधिग्रहण पूरा करने का लक्ष्य तय किया। उन्होंने जिलाधिकारियों को भूमि-स्वामियों से सीधे संवाद कर उचित मुआवजा सुनिश्चित करने और रजिस्ट्री प्रक्रिया में अतिरिक्त मैनपॉवर लगाने के निर्देश दिए। साथ ही आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल लिंक, झांसी लिंक और मेरठ-हरिद्वार एक्सप्रेसवे की कार्रवाई तेज करने को कहा गया है।
बैठक में जानकारी दी गई कि डिफेंस कॉरिडोर के चित्रकूट नोड में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड की इकाई का जल्द शिलान्यास होगा। मुख्यमंत्री ने इससे पहले संबंधित परियोजनाओं की वित्तीय और तकनीकी प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।
लॉजिस्टिक्स हब बनेंगे गेम-चेंजर
ग्रेटर नोएडा में विकसित हो रहे मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब और ट्रांसपोर्ट हब को मुख्यमंत्री ने राज्य के लॉजिस्टिक्स सेक्टर के लिए “गेम-चेंजर” बताया। 323 हेक्टेयर में से 301 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण पूरा होने से इन परियोजनाओं के तेजी से आगे बढ़ने का रास्ता साफ हुआ है।
लखनऊ में कन्वेंशन सेंटर का शिलान्यास जल्द
राजधानी लखनऊ में प्रस्तावित विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर के लिए लेटर ऑफ अवार्ड जारी हो चुका है। मुख्यमंत्री ने इसके शीघ्र शिलान्यास की तैयारी करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री ने मॉडल बिल्डिंग बायलॉज को निवेश अनुकूल बनाते हुए शीघ्र लागू करने के निर्देश दिए। औद्योगिक भूखंडों के बेहतर उपयोग के लिए निवेशकों से संवाद बढ़ाने और तय समय में उद्योग स्थापित कराने पर बल दिया गया।
150 कंपोजिट स्कूलों के निर्माण में तेजी
मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट स्कूल योजना के तहत 75 जिलों में 150 विद्यालय बनाए जाने हैं। इनमें से 59 का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जबकि 67 के लिए निविदा प्रक्रिया जारी है। मुख्यमंत्री ने सभी परियोजनाओं में तेजी लाने और विद्यालयों के लिए उपयुक्त लोकेशन चयन पर जोर दिया।
सीड पार्क, टेक्सटाइल्स और बायो एनर्जी पर फोकस
बैठक में लखनऊ में प्रस्तावित सीड पार्क और टेक्सटाइल्स पार्क की प्रगति की समीक्षा भी की गई। मुख्यमंत्री ने इन्हें निवेश और रोजगार सृजन के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए डेवलपर चयन प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। साथ ही बायो एनर्जी और सीबीजी परियोजनाओं में नवाचार और प्रतिस्पर्धा आधारित मॉडल अपनाने के निर्देश दिए।
ग्रीन रोड और शहरी परिवहन पर जोर
मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम के तहत शहरी सड़कों को आधुनिक बनाने के लिए लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने को कहा गया। इसके साथ ही वृंदावन योजना में इंटीग्रेटेड सिटी बस टर्मिनल को आधुनिक शहरी परिवहन प्रणाली का अहम हिस्सा बताते हुए नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर बल दिया गया।
