पहले बड़े मंगल पर उमड़ा आस्था का सैलाब: 'बजरंगबली की जय' से गूंजे मंदिर, बाराबंकी से लेकर लखनऊ तक भंडारों की धूम

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

-पहले बड़े मंगल पर उमड़ा आस्था का सैलाब -मांगा बल, बुद्धि और विद्या का आशीर्वाद -भंडारों की रही धूम, श्रद्धालुओं ने चखा प्रसाद

बाराबंकी, अमृत विचार। ज्येष्ठ माह के पहले बड़े मंगल पर जनपद भर में हनुमान भक्ति का उत्साह देखने को मिला। हे महावीर करो कल्याण...जैसे भक्तिगीतों से वातावरण गूंजता रहा और मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। धनोखर मंदिर, श्रीरामलीला दशहरा मंदिर, नागेश्वरनाथ, कैलाश आश्रम, लखपेड़ाबाग स्थित बालाजी मंदिर, दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर (कोतवाली मोड़), ब्रह्मचारी आश्रम छाया, बड़ेल, हड़ियाकोल के रोगहरण हनुमान मंदिर, जरौली, देवा के वृंदावन आश्रम और हैदरगढ़ के विजयी हनुमान मंदिर समेत विभिन्न स्थानों पर दर्शन-पूजन का क्रम दिनभर चलता रहा। 

Untitled design (52)

भक्तों ने बजरंगबली की पूजा-अर्चना कर बल, विद्या और बुद्धि का आशीर्वाद मांगा। इस बार ज्येष्ठ माह में अधिक मास (मलमास) का दुर्लभ संयोग बन रहा है। 19 साल बाद बने इस संयोग के चलते अबकी बार 29 जून तक आठ बड़े मंगल होंगे। पहले बड़े मंगल पर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह भंडारे का आयोजन किया गया। शहर के घंटाघर, लाजपत नगर, छाया चौराहा, पुलिस लाइन चौराहा, देवा रोड, कोतवाली रोड, लखपेड़ाबाग, बस अड्डा और आवास विकास सहित कई स्थानों पर भंडारे आयोजित हुए। 

Untitled design (53)

पैसार नाका स्थित व्यापारी सुशील गुप्ता के प्रतिष्ठान पर आयोजित भंडारे में राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रसाद वितरित किया। इस दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र वर्मा, प्रदीप जैन टीटू, भूपेंद्र सिंह, सुजीत चतुर्वेदी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। भाजपा नेता पंकज गुप्ता ‘पंकी’ ने भी विभिन्न स्थानों पर आयोजित भंडारों में सहभागिता की। लखनऊ-अयोध्या हाईवे स्थित रसौली के महावीर नगर में विशाल ढाबा के सौजन्य से भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें पूड़ी-सब्जी का प्रसाद वितरित किया गया। 

Untitled design (54)

देवा स्थित वृंदावन आश्रम में महंत अनमोल दास के नेतृत्व में विशेष पूजन के साथ 85 किलोग्राम का विशाल लड्डू अर्पित किया गया, जो आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं रामनगर क्षेत्र में पक्का तालाब व लखरौरा के पंचमुखी हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। मोहल्ला रानी में अवनीश मिश्रा द्वारा भंडारे का आयोजन किया गया, जबकि अमरीश मिश्रा ने साथियों के साथ घर-घर बूंदी का प्रसाद वितरित किया। रामसनेहीघाट तहसील के देवीगंज, सुमेरगंज, भिटरिया और गाजीपुर स्थित हनुमान वाटिका आश्रम में भी बड़े मंगल पर विशेष आयोजन हुए। 

फतेहपुर नगर में सुबह श्री हनुमंत प्रभात फेरी धूमधाम से निकाली गई। जिसमें केसरिया ध्वज लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। फूलों से सजे वाहन पर विराजमान प्रभु हनुमान की प्रतिमा आकर्षण का केंद्र रही। अंत में आरती व प्रसाद वितरण किया गया। आयोजन का नेतृत्व पुजारी रामचन्द्र शुक्ल ने किया। हैदरगढ़ के रानीपुर स्थित सती माता मंदिर पर ग्राम प्रधान शिव दिनेश सिंह ‘राजू’ के नेतृत्व में पांचवें वर्ष भी विशाल भंडारा आयोजित हुआ। सिद्धौर, सिरौलीगौसपुर और हैदरगढ़ समेत अन्य क्षेत्रों में सुंदरकांड व रामचरितमानस पाठ के साथ भंडारे आयोजित कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। पूरे जिले में दिनभर आस्था, सेवा और श्रद्धा का माहौल बना रहा।

ये भी पढ़ें :
लखनऊ-हल्द्वानी प्रस्तावित गोमती एक्सप्रेसवे के जल्द निर्माण की मांग, मुख्यमंत्री योगी से मिला पर्वतीय महासभा का प्रतिनिधिमंडल

संबंधित समाचार