बाराबंकी : औद्योगिक विकास को मिलेगी रफ्तार, अनावश्यक देरी पर होगी कार्रवाई
बाराबंकी, अमृत विचार : नवागत जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने व्यापार बंधु, श्रम बंधु एवं उद्योग बंधु की पहली संयुक्त बैठक में पूर्व से लंबित समस्याओं की समीक्षा करते हुए कई मामलों का मौके पर समाधान किया तथा शेष के निस्तारण के लिये निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बैठक से पूर्व एजेंडा का गहन अध्ययन किया था और स्वयं प्रगति व प्रस्तावित कार्यों की जानकारी दी। बैठक के दौरान यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र कुर्सी रोड में फायर स्टेशन, अनावासीय भवन निर्माण, सड़कों, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, विद्युत एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। वहीं औद्योगिक क्षेत्र माती में सड़क निर्माण व जल निकासी के लिए नाला निर्माण, टूटी बाउंड्री पर गेट, स्टार्ट प्रोडक्शन प्रमाण पत्र, वेंडिंग कियोस्क आवंटन, रामसनेही घाट औद्योगिक क्षेत्र के आवंटन और सीवर लाइन व्यवस्था जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। इस दौरान इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने श्रमिकों को गैस सिलेंडर प्राप्त करने में हो रही कठिनाइयों का मुद्दा उठाया, जिस पर जिलाधिकारी ने छोटे कमर्शियल सिलेंडर उचित दर पर उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। अंत में आईआईए पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी का स्वागत कर उन्हें जनपद के ओडीओपी उत्पाद स्टॉल, शहद, इत्र, वीटा डे के बेकरी उत्पाद और आरएस फूड का मिलेट पास्ता-मैकरोनी भेंट किया।
बैठक में प्रमित कुमार सिंह, मंडलीय चेयरमैन कैप्टेन (डा.) राजेश कुमार तिवारी, चेयरमैन विधु गुप्ता, कोषाध्यक्ष अभिषेक पाठक, प्रवीण जैन, अंकुर अग्रवाल, अपर्णा मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
