विकास कार्यों का संरक्षण नागरिकों की भी जिम्मेदारी... सीएम योगी बोले- 2017 के बाद गोरखपुर में विकास की बदली तस्वीर

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

राज्य ब्यूरो, लखनऊ/गोरखपुर, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि तेजी से आगे बढ़ते देश और प्रदेश के साथ गोरखपुर भी विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि विकास कार्यों का संरक्षण करना भी उनकी जिम्मेदारी है, ताकि इनका लाभ लंबे समय तक मिलता रहे।

मुख्यमंत्री ने मंगलवार को गोरखपुर के तारामंडल क्षेत्र में वाटर बॉडी पर 14.33 करोड़ रुपये की लागत से बने टू-लेन ब्रिज का लोकार्पण किया। फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर उन्होंने पुल को जनता को समर्पित किया। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले गोरखपुर की छवि असुरक्षा और अव्यवस्था से जुड़ी थी, लेकिन अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। आज यहां निवेश बढ़ा है, नौजवानों को रोजगार मिल रहा है और शहर आधुनिक सुविधाओं से लैस हो रहा है। उन्होंने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र गीडा में ही 50 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है।

शहर में फोर-लेन और सिक्स-लेन कनेक्टिविटी, एम्स, खाद कारखाना, पुनर्जीवित चीनी मिल, पर्यटन स्थल रामगढ़ ताल और अन्य परियोजनाएं गोरखपुर को नई पहचान दे रही हैं। लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों को बुलाकर उनके साथ फोटो खिंचवाई और उनका सम्मान किया। साथ ही कार्यक्रम में मौजूद बच्चों से मिलकर उन्हें स्नेह दिया।

तारामंडल क्षेत्र बना समृद्धि का केंद्र

सीएम योगी ने कहा कि कभी बाढ़ और अव्यवस्था के कारण उपेक्षित रहा तारामंडल क्षेत्र आज शहर की सबसे प्रमुख और महंगी लोकेशन में शामिल हो गया है। वाटर बॉडी पर बने इस नए पुल से क्षेत्र की आंतरिक कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों को लंबा रास्ता तय करने से राहत मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वाटर बॉडी को रामगढ़ ताल से जोड़ते हुए इसे पर्यटन के रूप में विकसित किया जाए, ताकि लोग यहां नौकायन और मनोरंजन का आनंद ले सकें।

ब्रिज से आसान हुआ आवागमन, जाम से राहत

योगी ने कहा कि 112 मीटर लंबे इस पुल के दोनों ओर 1.5 मीटर चौड़ा फुटपाथ बनाया गया है। इससे वसुंधरा एंक्लेव और आसपास के कई आवासीय क्षेत्रों के बीच सीधा संपर्क स्थापित हो गया है। पहले जहां लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता था, अब आवागमन आसान हो गया है और जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी।

संबंधित समाचार