UP: गंगा एक्सप्रेस-वे चालू होने से संभल के विकास को मिलेगी नई रफ्तार
संभल, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को हरदोई से गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। इस मेगा परियोजना के शुरू होने से पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच आवागमन बेहद सुगम हो जाएगा। वहीं संभल जनपद के आर्थिक और औद्योगिक विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। जनपद संभल में लहरावन इंटरचेंज के पास कार्यक्रम का सजीव प्रसारण होगा, जिसमें पांच हजार से अधिक लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है।
गंगा एक्सप्रेस-वे मेरठ से प्रयागराज तक लगभग 594 किलोमीटर लंबा सिक्स लेन एक्सप्रेस-वे है, जिसे भविष्य में आठ लेन तक विस्तारित किया जा सकता है। इस एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की अधिकतम गति 120 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है, जबकि भारी वाहनों के लिए 80 किलोमीटर प्रति घंटा की सीमा तय की गई है। सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए पूरे एक्सप्रेस-वे पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और ओवरस्पीडिंग पर ऑटोमेटिक चालान की व्यवस्था की गई है। दोपहिया वाहनों का संचालन इस मार्ग पर पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। संभल जनपद में गंगा एक्सप्रेस-वे करीब 38.650 किलोमीटर लंबाई में चैनज 92 से 131 के बीच गुजर रहा है। इसके निर्माण के लिए जिले के 31 गांवों की भूमि अधिग्रहित की गई है। जनपद में दो प्रमुख इंटरचेंज बनाए गए हैं, जिनमें खिरनी मोहिद्दीनपुर (चैनज 102) और लहरावन (चैनज 123) शामिल हैं। लहरावन कट के समीप अचलपुर गांव में स्थानीय स्तर पर उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जहां बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की तैयारी है।
डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने बताया कि एक्सप्रेस-वे के शुरू होने से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) की दूरी लगभग 160 किलोमीटर रह जाएगी। इसके चलते नोएडा तक की दूरी लगभग डेढ़ घंटे, दिल्ली दो घंटे, लखनऊ करीब तीन घंटे और बरेली लगभग सवा घंटे में तय की जा सकेगी। इससे व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों तक पहुंच आसान होगी। उन्होंने बताया कि एक्सप्रेस-वे के किनारे औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए खिरनी क्षेत्र में 239 हेक्टेयर भूमि पर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है। भविष्य में 300 हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण की योजना भी है। इस कॉरिडोर के विकसित होने से फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री सहित विभिन्न उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। एक्सप्रेस-वे को पूरी तरह पुलिस के नियंत्रण में ले लिया गया है और कार्यक्रम संपन्न होने तक किसी भी प्रकार के वाहन के संचालन पर रोक रहेगी। स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम का संचालन यूपी सरकार के होमगार्ड राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर जर्मन हैंगर लगाया गया है और विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
