Kanpur News: ITBP जवानों ने घेरा कानपुर कमिश्नरेट ऑफिस! मां के कटे हाथ पर क्लीन चिट से भड़का गुस्सा, जानें पूरा मामला
कानपुर। कानपुर कमिश्नरेट ऑफिस एक बार फिर विवादों में घिर गया है। आईटीबीपी (ITBP) के दर्जनों जवानों ने स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट पर भारी बवाल खड़ा कर दिया है, जिसके चलते कमिश्नरेट ऑफिस अचानक आईटीबीपी जवानों की छावनी में तब्दील हो गया।
क्या है पूरा मामला?
कुछ दिन पहले आईटीबीपी का एक जवान अपनी मां का कटा हुआ हाथ लेकर कानपुर कमिश्नरेट पहुंचा था। उसने टाटमिल स्थित कृष्णा हॉस्पिटल पर गलत इलाज का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। लेकिन अब स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल को क्लीन चिट दे दी है, जिससे आईटीबीपी जवानों में गुस्सा भड़क गया।
नाराजगी जताते हुए दर्जनों आईटीबीपी जवान आज कमिश्नरेट ऑफिस पहुंचे और स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट पर सवाल उठाए।आईटीबीपी के कई अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर मामले में उचित कार्रवाई की मांग की।
आईटीबीपी के लाइजनिंग ऑफिसर ने कहा कि “जिस बीमारी का इलाज ही नहीं हुआ, स्वास्थ्य विभाग ने अपनी रिपोर्ट में उसी बीमारी का जिक्र करके अस्पताल को बचाने की कोशिश की है। यह पूरी तरह गलत और पक्षपाती रिपोर्ट है।”
आईटीबीपी के जवानों का कहना है कि अस्पताल की लापरवाही के कारण उनकी सहकर्मी की मां को भारी नुकसान हुआ है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने बिना ठीक जांच किए अस्पताल को बेगुनाह करार दे दिया।कानपुर पुलिस और प्रशासन इस मामले को संभालने में जुटी हुई है। फिलहाल कमिश्नरेट पर भारी सुरक्षा व्यवस्था देखी जा रही है।
