Lucknow News: कैसरबाग में वकीलों के कथित अवैध चैंबर पर चला बुलडोजर, पुलिस ने बरसाईं लाठियां
लखनऊ, अमृत विचार: लखनऊ के कैसरबाग में जनपद न्यायालय के बाहर वकीलों के कथित अवैध चैंबरों के खिलाफ बुलडोजर एक्शन सामने आया है। स्थानीय प्रशासन और नगर निगम की टीमें रविवार को भारी पुलिस-बल के साथ अतिक्रमण हटाने पहुंचीं। उधर, वकीलों का भी जमावाड़ा लग गया। घंटों के गतिरोध के बाद प्रशासन ने बुलडोजर एक्शन शुरू कर दिया। विरोध-प्रदर्शन कर रहे वकीलों को सख्ती के साथ खदेड़ा गया।
कैसरबाग में जनपद न्यायालय के पास वकीलों के चैंबरों पर बुलडोजर कार्रवाई, हाईकोर्ट की लखनऊ डिविजन के एक आदेश के बाद सामने आई है। यहां करीब सौ से ज्यादा चैंबर बुलडोजर के निशाने पर हैं। इससे पहले भी न्यायालय परिसर के आसपास अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है।
रविवार को जनपद न्यायालय और स्वास्थ्य भवन के आसपास के कथित रूप से अवैध चैंबरों पर कार्रवाई चल रही है। रविवार की सुबह से पूरा परिसर छावनी में तब्दील हो गया। भारी संख्या में पुलिसकर्मियों के अलावा पीएसी भी तैनात की गई थी।
वकील धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। अधिकारी न्यायालय का आदेश दिखाते हुए उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे थे। घंटों की कोशिश के बाद आखिरकार प्रशासन ने बुलडोजर चलाना शुरू कर दिया। बताते हैं कि विरोध में उतरे वकीलों को लाठियां फटकारते हुए खदेड़ दिया गया।
कैसरबाग में कई बुलडोजर अतिक्रमण हटाने में जुटे हैं। कार्रवाई से वकीलों में भारी आक्रोश है। हालांकि विरोध आशंका और कार्रवाई को लेकर पहले से ही बैरिकेडिंग कर दी गई थी। कैसरबाग बस स्टैंड जाने वाली बसों को दूसरे रूट से निकाला गया।
