UP: स्वार में NIA ने संदिग्ध आतंकी फैजान और उसके दोस्त मुकीम के घर खंगाले

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर, अमृत विचार। गुजरात के अहमदाबाद में पकड़े गए संदिग्ध आतंकी फैजान सलमानी के मामले में एनआईए की टीम रविवार को जांच के लिए रामपुर पहुंची है। एजेंसी ने फैजान व उसके दोस्त मुकीम के घरों को खंगाला और सुबूत जुटाए हैं। एनआईए ने परिजनों से दोनों संदिग्धों के बारे में पूछताछ भी की।
 
गुजरात के अहमदाबाद में पकड़े गए संदिग्ध आतंकी फैजान शेख उर्फ फैजान सलमानी मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम रविवार सुबह स्वार पहुंची। एजेंसी ने स्थानीय पुलिस के साथ फैजान सलमानी और उसके दोस्त मुकीम के घर जाकर परिजनों से पूछताछ की। घरों में तलाशी ली, जिससे महत्वपूर्ण सुराग मिल सकें। फैजान के घर तलाशी लेने के साथ एक मोबाइल की भी जांच की गई। वहीं मुन्ना के घर पहुंची एजेंसी अधिकारियों ने मुकीम के बारे में जानकारी जुटाई। 

रविवार सुबह लगभग साढ़े छह बजे एनआईए टीम फैजान सलमानी के घर पहुंची थी। घरों को घंटों खंगाला। टीम ने वीडियोग्राफी कराई और परिवार के लोगों से कई घंटे तक पूछताछ की। अधिकारियों ने फैजान के पिता शकील अहमद सलमानी के मोबाइल फोन की भी जांच की और घर में रखा एक कीपैड मोबाइल अपने साथ ले गए।

परिवार के मुताबिक पति-पत्नी एक ही मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हैं। बताया गया कि छापेमारी के समय शकील अहमद शादी समारोह में खाना बनाने गए हुए थे। बाद में टीम ने उन्हें अहमदाबाद पहुंचने के लिए कहा। परिजनों के अनुसार शकील ईद से पहले बेटे फैजान से जेल में मिलने भी गए थे। उधर टीम के कुछ सदस्य मेन रोड स्थित मुन्ना के घर पहुंचे और वहां मुकीम के संबंध में जानकारी जुटाई। एनआईए अधिकारियों ने परिवार के लोगों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई।

संबंधित समाचार