यूपी में आंधी-तूफान का जबरदस्त कहर : 19 लोगों की दर्दनाक मौत, कई जिलों में पेड़ गिरने से बत्ती गुल; भारी नुकसान
-हमीरपुर में निर्माणाधीन बेतवा पुल की स्लैब गिरने से 6 मजदूरों की मौत, सहारनपुर में बाढ़ से दो पर्यटकों की जान गई -लखनऊ जंक्शन का शेड गिरा, प्रदेशभर में पेड़, खंभे और दीवारें गिरीं, रेल ट्रैक बाधित, मौसम विभाग का रेड अलर्ट
लखनऊ, अमृत विचार: आंधी, तूफान और मूसलाधार बारिश ने गुरुवार रात प्रदेश में भारी तबाही मचाई। अलग-अलग जिलों में हुए हादसों में 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। सबसे बड़ा हादसा हमीरपुर में हुआ, जहां बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल की स्लैब ढहने से छह मजदूरों की जान चली गई। वहीं, सहारनपुर में अचानक आई बाढ़ में दो पर्यटकों की मौत हो गई। राजधानी लखनऊ में चारबाग रेलवे स्टेशन (लखनऊ जंक्शन) पर प्लेटफॉर्म संख्या पांच का टिन शेड गिरने से कई यात्री घायल हो गए।
हमीरपुर में गुरुवार रात करीब दो बजे आंधी और बारिश के बीच निर्माणाधीन पुल की शटरिंग और स्लैब भरभराकर गिर गई। मलबे में दबकर छह मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन मजदूरों को सुरक्षित निकाल लिया गया। एसडीआरएफ ने सात घंटे तक राहत और बचाव अभियान चलाया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। हादसे के बाद सहायक अभियंता को निलंबित कर विभागीय जांच बैठा दी गई है।
सहारनपुर के शाकंभरी देवी क्षेत्र में पहाड़ों पर हुई बारिश के बाद अचानक बाढ़ जैसे हालात बन गए। तेज बहाव में कई वाहन बह गए और दो पर्यटकों की मौत हो गई। उरई में दो महिलाओं की मौत हुई, जबकि रेलवे की ओएचई लाइन पर तार गिरने से कानपुर-झांसी रेलमार्ग नौ घंटे तक बाधित रहा। देवरिया में भी रेलवे ट्रैक पर पेड़ और बिजली का तार गिरने से कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। रायबरेली, अंबेडकरनगर, फतेहपुर, उन्नाव, महोबा और बांदा में पेड़, छप्पर, दीवार और आकाशीय बिजली से जुड़े हादसों में लोगों की जान गई। कुशीनगर, चित्रकूट, इटावा और कानपुर देहात में भी आंधी-बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया। कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए, मकान क्षतिग्रस्त हुए और बिजली आपूर्ति घंटों बाधित रही।
उरई में 500 से अधिक बिजली के खंभे गिर गए, जबकि बांदा, रायबरेली और कानपुर देहात में 12 से 20 घंटे तक बिजली व्यवस्था ठप रही। हजारों गांवों और कस्बों में अंधेरा छाया रहा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से आंधी और भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
नौतपा में बारिश से बदला मौसम, गिरा तापमान
शहर में गुरुवार देर रात आई आंधी में कई जगह पेड़ सड़क पर गिर गए और कई जगह टंनेशड उड़ गए। गरज चमक के साथ करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई। इससे गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने 30 मई को यलो अलर्ट जारी किया है। 1 जून को हल्की बारिश हो सकती है। 3 जून से मौसम साफ हो जाएगा और तापमान बढ़कर 40 डिग्री के आसपास पहुंचने की संभावना जताई है।
देर रात तेज आंधी से गिरे पेड़, उड़े टीनशेड
देर रात 60 से 70 किमी की रफ्तार से आंधी चली। इससे काफी नुकसान हुआ। गोमती नगर, इस्माइल गंज समेत अन्य जगह पेड़ व पोल गिर गए और यातायात बाधित रहा। आंधी से छतों व दुकानों पर लगे टीनशेड, पन्नी, तिरपाल आदि उड़ गए। कुछ देर बाद बादलों में गरज और बिजली चमकने के साथ तेज बारिश हुई। करीब एक घंटे तक हुई बारिश से तापमान गिर गया और मौसम सुहाना हो गया।
बारिश से रात में मौसम हुआ सुहाना, सुबह उमस
लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। रात में घरों पर एसी, कूलर लोगों को बंद करने पड़े। सुबह का मौसम सर्द रहा। सुबह का तापमान 27 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। हालांकि जैसे ही दिन की शुरुआत हुई वैसे तापमान में बढ़ोतरी हुई और गर्मी के साथ उमस बढ़ती गई। दोपहर करीब 1 बजे तापमान बढ़कर 32 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। हल्की धूप निकली।
आंधी-बारिश से आम को नुकसान
आंधी और बारिश से आम की फसल को फिर नुकसान पहुंचा है। पेड़ों पर तैयार फल टूटकर गिर गए। इससे पैदावार में कम होगी। वहीं, बारिश से फलों में कीटरोग लगने की संभावना बढ़ गई। बारिश से फल में दाग पड़ेंगे और गुणवत्ता भी खराब होगी। मलिहाबाद, काकोरी, माल आदि क्षेत्र में ज्यादातर बागों में आम पककर तैयार हो गया है। जो 1 जून से बाजार में आ जाने की संभावना जताई गई थी। लेकिन, आंधी और बारिश से असर पड़ेगा।
कहां कितनी मौतें
जिला- मौतों की संख्या- कारण
हमीरपुर- 6- निर्माणाधीन बेतवा पुल की स्लैब ढहने से मजदूर दबे
सहारनपुर- 2- शाकंभरी देवी क्षेत्र में बाढ़ व तेज बहाव की चपेट में आने से
उरई (जालौन)- 2- आंधी-तूफान से जुड़े हादसों में दो महिलाओं की मौत
महोबा- 2- एक की आकाशीय बिजली से, एक की छत से गिरने से मौत
रायबरेली- 1- टीनशेड पर पेड़ गिरने से महिला की मौत
अंबेडकरनगर- 1- भेड़ चराते समय आकाशीय बिजली गिरने से मौत
फतेहपुर- 1- छप्पर गिरने से दबकर बुजुर्ग किसान की मौत
उन्नाव- 1- आंधी के दौरान छत से गिरने से मौत
बांदा- 3- स्लैब, टीनशेड और पेड़ गिरने की अलग-अलग घटनाओं में मौत
कुल मौतें : 19
नोट: कई जिलों से देर रात तक नुकसान और जनहानि की सूचनाएं आती रहीं। प्रशासन की अंतिम रिपोर्ट के बाद मृतकों की संख्या में बदलाव संभव है।
सीएम का निर्देश, रेड अलर्ट जारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी मृतकों के परिजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को 24 घंटे के भीतर अनुग्रह राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने, घायलों का समुचित उपचार कराने और नुकसान का तत्काल सर्वेक्षण करने को कहा गया है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों से बाहर न निकलने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।
गरज चमक के साथ हुई 26.2 एमएम बारिश, दुर्गा मंदिर पर गिरी बिजली
रामनगरी में शुक्रवार भोर में गरज चमक के साथ हुई 26.2 एमएम बारिश से मौसम सुहावना हो गया। वहीं, थाना रौनाही के करेरू मजरे बड़ा मिझौड़ा में एक मंदिर पर बिजली गिरने मां दुर्गा समेत अन्य मूर्तियां क्षतिग्रस्त हो गई। मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों तक आंधी पानी की संभावना जताई है।
मौसम ने गुरुवार रात ही करवट बदली, रात करीब 12 बजे तेज हवा के साथ बूंदाबांदी शुरू हुई, जो सुबह होते-होते गरज-चमक के साथ तेज बारिश में बदल गई। बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। मौसम विभाग के पूर्वानुमान सही साबित हुआ, गुरुवार देर रात मौसम विभाग व राज्य आपदा प्राधिकरण द्वारा अलर्ट जारी किया गया था। तेज हवा का सबसे ज्यादा असर आम के बागों पर पड़ा। जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों में पेड़ों से बड़ी संख्या में आम टूटकर जमीन पर गिर गए। इससे बागवानों और आम उत्पादकों को नुकसान उठाना पड़ा है।
मजरे बड़ा मिझौड़ा की घटना, क्षतिग्रस्त हुई मां दुर्गा के साथ अन्य मूर्तियां
कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्रा के अनुसार आगामी 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने एवं कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की वर्षा होने की संभावना है। सोहावल प्रतिनिधि के अनुसार रौनाही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत करेरू मजरे बड़ा मिझौड़ा स्थित एक मंदिर में शुक्रवार भोर आकाशीय बिजली गिरी। जिससे मां दुर्गा की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होकर खंडित हो गई।
आगामी दो दिन आंधी के साथ बारिश होने की संभावना
गांव के पूर्व प्रधान रामतेज यादव ने वर्ष 2005 में अपने सहन के सामने दुर्गा मंदिर की स्थापना करवाई थी, जहां गांव के लोग नियमित पूजा पाठ करने आते है। बताया जा रहा है कि भोर में करीब 4:30 बजे आंधी-पानी के दौरान मंदिर में लगी लोहे की खिड़की से बिजली टकराई और मंदिर के अंदर प्रवेश कर कई। इससे मां दुर्गा प्रतिमा में लगे आठ हाथ में दो हाथ की अंगुलियां टूट गई। बिजली प्रतिमा से टकराने के बाद दीवार से जा टकराई जिससे छेद हो गया। वहीं, मां दुर्गा को पहनाया गया चुनरी वस्त्र व चेहरा भी झुलस गया है। साथ ही मंदिर के अंदर गणेश-लक्ष्मी समेत स्थापित अन्य भगवान के विग्रह टूट कर फर्श पर बिखर गए।
