IPL 2026 Price Money: चैंपियन बनने पर RCB की लगी लॉटरी, उपविजेता गुजरात भी हुई मालामाल; जानें किसे मिले कितने करोड़

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नई दिल्ली/अहमदाबाद: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के महामुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने अपना दबदबा कायम रखते हुए गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस धमाकेदार जीत के साथ ही बेंगलुरु ने लगातार दूसरी बार आईपीएल की चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। खिताबी मुकाबले में आरसीबी के गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए गुजरात को महज 155 रनों के स्कोर पर समेट दिया था। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी के लिए 'किंग' विराट कोहली ने 75 रनों की अविश्वसनीय पारी खेलकर टीम को जीत की दहलीज पार कराई। कोहली को उनकी इस मैच जिताऊ पारी के लिए 'प्लेयर ऑफ द फाइनल' चुना गया, जबकि युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' बने।

MUSKAN DIXIT (3)

चैंपियन आरसीबी और उपविजेता गुजरात पर हुई पैसों की बारिश

टूर्नामेंट जीतने के बाद बेंगलुरु की टीम को चमचमाती ट्रॉफी के साथ भारी-भरकम इनामी राशि मिली। लगातार दूसरा खिताब जीतने वाली आरसीबी को पुरस्कार के रूप में 20 करोड़ रुपये दिए गए। खास बात यह है कि बेंगलुरु ने अपने दोनों खिताब एक ही मैदान पर जीते हैं। वहीं, फाइनल में उपविजेता रही शुभमन गिल की गुजरात टाइटंस को रनर-अप ट्रॉफी के साथ 12.5 करोड़ रुपये की राशि से संतोष करना पड़ा।

MUSKAN DIXIT (1)

अवॉर्ड्स सेरेमनी में छाया रहा 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी का जलवा

सीजन 2026 में अपनी बल्लेबाजी से कोहराम मचाने वाले वैभव सूर्यवंशी पुरस्कार समारोह के असली हीरो साबित हुए। वैभव ने न सिर्फ सबसे ज्यादा रन बनाकर 'ऑरेंज कैप' हासिल की, बल्कि उन्हें 'मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर ऑफ द सीजन' और 'इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन' जैसी कई श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ चुना गया। वैभव को शानदार सिएरा कार के साथ-साथ कुल 45 लाख रुपये की नकद इनामी राशि दी गई।

IPL 2026: किसे क्या मिला (पुरस्कारों की पूरी सूची)

पुरस्कार का नाम विजेता खिलाड़ी/टीम इनामी राशि
आईपीएल 2026 विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ₹20 करोड़
आईपीएल 2026 उपविजेता गुजरात टाइटंस (GT) ₹12.5 करोड़
मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) वैभव सूर्यवंशी ₹15 लाख
ऑरेंज कैप (सर्वाधिक रन) वैभव सूर्यवंशी ₹10 लाख 
पर्पल कैप (सर्वाधिक विकेट) कगिसो रबाडा ₹10 लाख
 इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन वैभव सूर्यवंशी ₹10 लाख 
सबसे ज्यादा छक्के वैभव सूर्यवंशी  ₹10 लाख
सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन वैभव सूर्यवंशी सिएरा कार
सबसे ज्यादा डॉट बॉल मोहम्मद सिराज ₹10 लाख
सबसे ज्यादा चौके साईं सुदर्शन ₹10 लाख
कैच ऑफ द सीजन मनीष पांडे ₹10 लाख 
प्लेयर ऑफ द फाइनल विराट कोहली ₹5 लाख
बेस्ट पिच एंड ग्राउंड अवॉर्ड (1) ईडन गार्डन्स (कोलकाता) ₹50 लाख
बेस्ट पिच एंड ग्राउंड अवॉर्ड (2) धर्मशाला स्टेडियम ₹25 लाख

ऐसा रहा फाइनल मुकाबले का रोमांच

मैच की शुरुआत में आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जिसे उनके गेंदबाजों ने बिल्कुल सही साबित कर दिखाया। गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद खराब रही। स्टार ओपनर शुभमन गिल सिर्फ 10 रन बनाकर जोश हेजलवुड का शिकार बने, वहीं साईं सुदर्शन को 12 रन के निजी स्कोर पर अनुभवी भुवनेश्वर कुमार ने पवेलियन का रास्ता दिखाया। इसके बाद जोस बटलर (19 रन) और निशांत सिंधु (20 रन) ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन वे रन गति को नहीं बढ़ा सके। अंत में वाशिंगटन सुंदर की 37 गेंदों में खेली गई 50 रनों की जुझारू पारी की बदौलत गुजरात ने 155 रनों का एक चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

MUSKAN DIXIT (4)

156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने शानदार शुरुआत देते हुए पहले विकेट के लिए 62 रन जोड़े। अनफिट होने के बावजूद अय्यर ने 32 रनों का योगदान दिया। हालांकि, उनके आउट होने के बाद देवदत्त पडिक्कल (1), कप्तान रजत पाटीदार (15) और क्रुणाल पांड्या (1) जल्दी-जल्दी आउट हो गए, जिससे मैच में रोमांच बढ़ गया। लेकिन एक छोर पर खड़े विराट कोहली अडिग रहे। कोहली ने महज 42 गेंदों का सामना करते हुए 9 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के जड़कर नाबाद 75 रन बनाए और अंत में छक्का मारकर बेंगलुरु को लगातार दूसरी बार आईपीएल का किंग बना दिया।

 

संबंधित समाचार