India-Myanmar Meeting : PM मोदी ने म्यांमार के राष्ट्रपति संग की बैठक, द्विपक्षीय सहयोग पर हुई चर्चा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने म्यांमार के राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग के साथ सोमवार को व्यापक बातचीत की जिसमें व्यापार, संपर्क, सीमा सुरक्षा और रक्षा के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किया गया। आंग ह्लाइंग इस समय भारत की पांच दिवसीय यात्रा पर हैं। उनकी भारत यात्रा म्यांमार में संसदीय चुनावों के बाद उनके राष्ट्रपति बनने के दो महीने से भी कम समय में हो रही है। ये चुनाव सत्ताधारी सैन्य जुंटा के खिलाफ वर्षों से जारी विरोध प्रदर्शनों के बाद पिछले साल दिसंबर और इस साल जनवरी में हुए थे। 

सैन्य जुंटा ने एक फरवरी, 2021 को तख्तापलट करके आंग सान सू ची की लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकार को उखाड़ फेंका था। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पर कहा, ''मित्रता और सहयोग के संबंधों को और गहरा करते हुए... प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने द्विपक्षीय वार्ता के लिए हैदराबाद हाउस पहुंचे म्यांमा के राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग का स्वागत किया।'' 

म्यांमार भारत के लिए रणनीतिक रूप से अहम पड़ोसी देशों में से एक है और वह उग्रवाद प्रभावित नगालैंड तथा मणिपुर सहित कई पूर्वोत्तर राज्यों के साथ 1,640 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करता है। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने आंग ह्लाइंग से रविवार को मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की थी। 

म्यांमार के नेता के साथ एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है जिसमें कई कैबिनेट मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल हैं। आंग ह्लाइंग पहले एक जून को 'इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस' शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए नयी दिल्ली आने वाले थे, लेकिन यह सम्मेलन स्थगित कर दिया गया है। म्यांमा के राष्ट्रपति ह्लाइंग मंगलवार को मुंबई जाएंगे जहां वह उद्योग एवं व्यापार जगत के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे और कुछ स्थलों की यात्रा करेंगे। 

संबंधित समाचार