'Raakh' Trailer : किरदारों के इंटेंस लुक ने उड़ाए होश, क्राइम थ्रिलर सीरीज़ राख ट्रेलर रिलीज 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

मुंबई। प्राइम वीडियो ने अपनी आने वाली प्राइम ऑरिजिनल इन्वेस्टिगेटिव क्राइम थ्रिलर सीरीज़, राख का रोंगटे खड़े कर देने वाला ट्रेलर रिलीज कर दिया है। एक काल्पनिक कहानी पर बनी इस सीरीज़ के डायरेक्टर और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर प्रोसित रॉय हैं, जबकि इसे अनुषा नंदकुमार और संदीप साकेत ने मिलकर बनाया, लिखा और सह-निर्देशित किया है, तथा इसके संवाद आयुष त्रिवेदी ने लिखे हैं। इस सीरीज़ में सोनाली बेंद्रे, अली फज़ल, और आमिर बशीर ने मुख्य किरदार निभाए हैं, जबकि आकाश मखीजा, रमनदीप यादव, दिव्या शर्मा, विवान शर्मा, अंशुल चौहान, राकेश बेदी, और दिब्येंदु भट्टाचार्य भी अहम भूमिकाओं में नज़र आने वाले हैं। 

प्राइम वीडियो पर राख प्रीमियर

भारत के साथ-साथ दुनिया भर के 240 देशों एवं क्षेत्रों में दर्शक 12 जून को सिर्फ प्राइम वीडियो पर राख के प्रीमियर का आनंद ले सकते हैं। इस सीरीज़ में सब-इंस्पेक्टर जयप्रकाश का किरदार निभाने वाले अली फज़ल ने कहा , "जब पहली बार राख के लिए मुझसे संपर्क किया गया, तो मुझे लगा कि ये भी कोई आम इन्वेस्टिगेटिव क्राइम थ्रिलर होगी, लेकिन स्क्रिप्ट पढ़ने के बाद मैं इसकी तरफ खिंचा चला गया। अनुषा, संदीप और प्रोसित ने मिलकर एक ऐसी कहानी तैयार की है जो कई परतों वाली, जज्बातों से भरी और असल जिंदगी की कड़वी सच्चाई के बेहद करीब है। 

जयप्रकाश बेहद शांत स्वभाव का इंसान होने के साथ-साथ एक अलग किस्म का पुलिसवाला है, और संदिग्धों के अलावा उसके दिमाग को समझना मुझे काफी रोमांचक लगा। उसमें बहुत-सी कमियां हैं, उसके मन में उलझने हैं, और वो तेजी से बदलते राजनीतिक-सामाजिक माहौल में खुद को साबित करने की जद्दोजहद में लगा हुआ है। राख को जो चीज वाकई सबसे अलग बनाती है, वो ये है कि ये सिर्फ एक पुलिस केस की जांच नहीं है, बल्कि इंसानी स्वभाव को गहराई से समझने वाली कहानी भी है। मुझे पूरा यकीन है कि भारत और दुनिया भर के दर्शकों के लिए यह सीरीज सच में बेहद रोमांचक होगी।" 

सीरीज़ में मोना अरोड़ा का किरदार निभाने वाली सोनाली बेंद्रे ने कहा , 'राख' की कहानी उस वक्त मेरे पास आई, जब मैं इस बात को लेकर काफी सजग हो गई थी कि मुझे किस तरह की कहानियों का हिस्सा बनना है। कई परतों वाली और जज्बातों के स्तर पर काफी गहरी ये कहानी मुझे सच में बहुत पसंद आई। वैसे तो ये कहानी एक सस्पेंस थ्रिलर की तरह आगे बढ़ती है, पर असल में यह इंसान के जज्बातों को भी बड़ी संजीदगी से सामने लाती है। 

इस सीरीज़ ने मुझे बतौर अदाकारा इंसानी जज्बातों के उन पहलुओं को अच्छी तरह समझने का मौका दिया, जिन्हें मैंने आज तक कभी महसूस नहीं किया था। मोना एक ऐसा किरदार है जो अंदर से नाजुक और शांत होने के साथ-साथ थोड़ी मज़बूत भी है, और इस किरदार को निभाना मेरे लिए वाकई बेहद खूबसूरत अनुभव रहा। प्रोसित, अनुषा और संदीप के साथ काम करके मुझे बहुत अच्छा लगा, और कहानी को उन्होंने इतनी संजीदगी और ईमानदारी से पेश किया जिसके लिए मैं उनकी शुक्रगुजार हूँ। मुझे उम्मीद है कि दर्शकों को भी इस कहानी से उतना ही गहरा जुड़ाव महसूस होगा, जितना इसे पर्दे पर उतारते समय हमें महसूस हुआ था।" 

सीरीज़ में लेफ्टिनेंट कर्नल अशोक अरोड़ा का किरदार निभाने वाले अभिनेता आमिर बशीर ने कहा,"मेरे लिए तो 'राख' सिर्फ़ एक इन्वेस्टिगेटिव क्राइम ड्रामा नहीं है। यह कई परतों में बुनी एक ऐसी कहानी है जो आपको पहले ही सीन से अपनी तरफ खींच लेती है। मेरे इस किरदार की सबसे खास और मुश्किल बात यही है कि यह एक ऐसे इंसान की कहानी है जिसकी जिंदगी हमेशा कायदे-कानून और नियमों से बंधी रही है, लेकिन उसे ऐसे गहरे दुख और उथल-पुथल से गुज़रना पड़ता है, जिसके लिए कोई भी इंसान कभी तैयार नहीं हो सकता। 

इस किरदार को निभाना मेरे करियर के सबसे मुश्किल अनुभवों में से एक रहा है। यह सफ़र मेरे साथ काम करने वाले कलाकारों, यानी सोनाली और अली, और कैमरे के पीछे काम करने वाली शानदार टीम के बिना मुमकिन नहीं हो पाता। प्रोसित, अनुषा और संदीप ने एक ऐसी दुनिया रची है जो बेहद असरदार है और बिना किसी झिझक के सच दिखाती है। मुझे उम्मीद है कि 12 जून को प्राइम वीडियो पर जब इसका प्रीमियर होगा, तो भारत और दुनिया भर के दर्शक इस दमदार कहानी से जुड़ाव महसूस करेंगे।

ये भी पढ़ें  : 
दिग्गज गायिका सुमन कल्याणपुर के निधन पर पीएम मोदी ने जताया शोक, छह दशक तक संगीत प्रेमियों के दिलों पर किया राज 

संबंधित समाचार