बरेली: महिला एवं बाल विकास मंत्री ने पूछा, कैसे बरेली में कैसे रुकेगा महिला अपराध
अमृत विचार, बरेली। महिला और बच्चों के साथ सर्वाधिक अपराध होने वाले देश के सौ जनपदों में बरेली का नाम भी शामिल है। इसको लेकर महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, नई दिल्ली की ओर से सोमवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिये सेमिनार आयोजित कराया गया जिसमें केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने …
अमृत विचार, बरेली। महिला और बच्चों के साथ सर्वाधिक अपराध होने वाले देश के सौ जनपदों में बरेली का नाम भी शामिल है। इसको लेकर महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, नई दिल्ली की ओर से सोमवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिये सेमिनार आयोजित कराया गया जिसमें केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने बरेली समेत सौ जनपदों में महिला अपराधों की समीक्षा की।
स्मृति ईरानी और मंत्रालय के अधिकारियों ने जिलाधिकारी नितीश कुमार और एसएसपी रोहित सिंह सजवाण से पूछा, कैसे बरेली में महिला अपराध कंट्रोल कर रहे हैं। दो साल में कितने और किस तरह के महिला अपराध सामने आए, उनके निराकरण के लिए क्या कदम उठाए गए।
अंकुश लगाने के लिए बनाई गई कार्ययोजना क्या है? इस पर दोनों अधिकारियों ने बताया कि लगातार महिला अपराधों से जुड़े मामलों की मॉनीटरिंग कर समीक्षा की जा रही है। जागरूकता कार्यक्रम चलवा रहे हैं। पिछले दो साल में बरेली जनपद में महिला अपराधों में कमी दर्ज की गई है।
एंटी रोमियो स्क्वायड, महिला हेल्पलाइन, वूमेन पावर लाइन आदि से भी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। वीसी में महिला एवं बच्चों को परामर्श एवं उनकी मानसिक स्थिति को देखते हुए काउंसलर एवं काउंसलिंग की सुविधा के विषय पर चर्चा की गई।
महज पांच मिनट ही बरेली के लिए समय मिला जिसमें पोषण व्यवस्था पर भी चर्चा की गई। सेमिनार सुबह 10 बजे से शुरू होकर 1 बजे तक चला। 12 बजे के करीब बरेली का नंबर आया। कलक्ट्रेट स्थित एनआईसी के माध्यम से जिलाधिकारी नितीश कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवाण, मुख्य विकास अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, एडीएम सिटी महेंद्र कुमार सिंह, एसपी क्राइम एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी नीता अहिरवार ने प्रतिभाग किया।