आगरा : स्कूल बस के टूटे फर्श से नीचे गिरकर पहली कक्षा की छात्रा की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आगरा। आगरा में स्कूल बस के टूटे फर्श से गिरकर पहली कक्षा की एक छात्रा की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी) आदित्य ने बताया कि बुधवार को यह हादसा उस वक्त हुआ जब छुट्टी के बाद स्कूल की बस बच्चों को छोड़ने घर जा रही थी। 

उन्होंने बताया कि बुधवार को दोपहर करीब तीन बजे बच्चों को लेकर जा रही आरबीएस स्कूल की एक बस के टूटे हुए फर्श से पहली कक्षा की छात्रा नैना नीचे गिर गई और बस का पहिया उसके ऊपर चढ़ गया। आदित्य ने बताया कि बच्ची के बस से नीचे गिरते ही बस में मौजूद अन्य बच्चों ने शोर मचाया जिसके बाद बस रोकी गई। 

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि बच्ची को अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि बस का चालक मौके से फरार हो गया। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि बस के फर्श के बारे में पहले की गई आपत्तियों को नजरअंदाज कर दिया गया था। 

पुलिस ने स्कूल प्रबंधक अरविंद यादव और बस चालक चंद्रप्रकाश को आपराधिक लापरवाही के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। एक पखवाड़े के भीतर राज्य में यह इस तरह की दूसरी घटना है। 28 फरवरी को, अलीगढ़ में एक स्कूल बस के टूटे फर्श से गिरकर सात वर्षीय बच्ची की मृत्यु हो गई थी।  

संबंधित समाचार