सुलतानपुर : पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर खड़ी ट्रक में घुसी तेज रफ्तार बस, चालक की मौत, दो घायल
विंदेश्वरीगंज/सुलतानपुर, अमृत विचार। बल्दीराय थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। देहली बाजार-वलीपुर अंडरपास के पास पूरे चोपई पाण्डेय, समरथपुर के समीप 101.8 किलोमीटर प्वाइंट पर सड़क किनारे खड़ी ट्रक में पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस घुस गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस चालक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बीड़ी से लदी ट्रक पश्चिम बंगाल से जयपुर जा रही थी। गुरुवार रात करीब 11ः20 बजे ट्रक अचानक खराब हो गई, जिसके बाद चालक ने उसे एक्सप्रेसवे की पीली पट्टी के किनारे खड़ा कर दिया था।
शुक्रवार सुबह लगभग 7 बजे तेज रफ्तार बस सीधे खड़ी ट्रक से जा टकराई। प्राथमिक आशंका है कि बस चालक को झपकी आने के कारण हादसा हुआ।दुर्घटना में बस चालक इस्लाम पुत्र नूर आलम निवासी अकबरपुर बेत, थाना बिरौला, जिला दरभंगा (बिहार) गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं सहचालक नवीन पुत्र राजकिशन निवासी थाना पिपराइच, जिला गोरखपुर तथा रुधापा पुत्र सोभाराम निवासी बुलंदाभाग बरोदा, जिला सोनीपत हरियाणा भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सीएचसी कुमारगंज भेजा गया, जहां इलाज के दौरान चालक इस्लाम की मौत हो गई। अन्य दोनों घायलों का उपचार जारी है।
थानाध्यक्ष बल्दीराय नारद मुनि सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। यूपीड़ा टीम की मदद से एक्सप्रेसवे पर यातायात भी सामान्य करा दिया गया है।
