बांदा: रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में मनाया गया कन्या जन्मोत्सव
बांदा। उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड में लड़कियों का सम्मान समाज में पुन: स्थापित करने के उद्देश्य से शुरू की गयी नवेली बुंदेली योजना के तहत मंगलवार को बांदा के रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में पैदा हुई तीन कन्याओं का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। यहां मेडिकल कॉलेज में आज में तीन महिलाओं आरती बांदा, गोलकी …
बांदा। उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड में लड़कियों का सम्मान समाज में पुन: स्थापित करने के उद्देश्य से शुरू की गयी नवेली बुंदेली योजना के तहत मंगलवार को बांदा के रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में पैदा हुई तीन कन्याओं का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। यहां मेडिकल कॉलेज में आज में तीन महिलाओं आरती बांदा, गोलकी अतर्रा, खुशबू हमीरपुर ने बालिकाओं को जन्म दिया।
इन बालिकाओं की मां का प्रसव कराने वाली डॉ नीलम सिंह की ओर से प्रिंसिपल डॉ मुकेश कुमार यादव के मार्गदर्शन पर कालेज परिसर में कन्या जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं की मां से केक कटवाया गया और सभी को बधाई दी गई। इस कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल मुकेश कुमार यादव, डॉक्टर सुशील कुमार, डॉक्टर शिखा, डॉक्टर आरती, डॉक्टर हिबा, डॉक्टर सौम्या और डॉक्टर महिमा के साथ पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहा।
प्रिंसिपल डॉ मुकेश यादव ने बताया कि जिलाधिकारी बांदा अनुराग पटेल की यह पहल पूरे उत्तर प्रदेश में एक अनूठी पहल के रूप में देखी जा रही है। जिसके तहत जन्मी कन्या के परिवार से भी पहले सरकार उसका जन्म उत्सव मनाती है। इस पहल से प्रेरणा लेकर लोग पुत्रों की तरह पुत्रियों के जन्म पर भी खूब खुशियां मना रहे हैं।
पढ़ें: अयोध्या: हरियाणा से बिहार शराब सप्लाई करने वाले दो तस्कर गिरफ्तार, दो फरार
‘नवेली बुंदेली’ योजना के तहत बालिकाओं के जन्मदिन को खास तरीके से मनाया जायेगा। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की जितनी भी योजनाएं बालिका और उनके माता-पिता पर लागू होंगी, उन्हें उसी समय दे दी जाएंगी। इसके लिए उन्हें कहीं भी जाने की भी जरूरत नहीं होगी, बल्कि खुद जिले के बड़े सरकारी अफसर बालिकाओं और उनके अभिभावकों तक पहुंचेंगे। पुत्री के जन्म पर सरकार की ओर से 25 हजार रुपए की सावधि जमा करवा कर उनके जीवन को भी सुरक्षित करने का कार्य किया जाएगा। जिससे पुत्री किसी को बोझ न लगें।
