चंपावत: आखिर ईओ का तबादला होने के बाद शांत हुआ विवाद
टनकपुर, अमृत विचार। चम्पावत में नागर पालिका के ईओ व पालिकाध्यक्ष के बीच विगत चार माह से चल रहा विवाद सोमवार को ईओ के तबादले के साथ ही शांत हो गया। ईओ का तबादला बागेश्वर के गरुड़ में हुआ है। उनकी जगह हरिद्वार शिवालिक नगर पालिका में तैनात चंद्रशेखर शर्मा आ रहे हैं। ईओ का …
टनकपुर, अमृत विचार। चम्पावत में नागर पालिका के ईओ व पालिकाध्यक्ष के बीच विगत चार माह से चल रहा विवाद सोमवार को ईओ के तबादले के साथ ही शांत हो गया। ईओ का तबादला बागेश्वर के गरुड़ में हुआ है। उनकी जगह हरिद्वार शिवालिक नगर पालिका में तैनात चंद्रशेखर शर्मा आ रहे हैं।
ईओ का तबादला होने से एक बार फिर पालिका के विकास कार्य पटरी पर लौट सकेंगे। इसको लेकर पालिका बोर्ड में खुशी का माहौल है। हालांकि यह भी चर्चा है कि पालिकाध्यक्ष की शिकायत पर ईओ का तबादला नहीं हुआ बल्कि निर्वाचन नियमों के तहत ईओ को जनपद में तीन साल से अधिक हो जाने के कारण उनका तबादला किया गया। वहीं शासन ने लोहाघाट ईओ का भी तबादला किया है। उनकी जगह जसपुर से मो. इस्लाम आ रहे हैं। ईओ कमल कुमार को दिनेशपुर यूएस नगर भेजा गया है।
ईओ भूपेंद्र प्रकाश जोशी ने बीते वर्ष नौ अगस्त हो ज्वाइन किया। ज्वाइन करने के बाद से ईओ व पालिकाध्यक्ष विजय वर्मा के बीच कार्यों को लेकर विवाद शुरू हो गया। ईओ ने पूर्व ईओ के समय पालिका में हुए भ्रष्टाचार की नब्ज टटोलनी शुरू की तो कर्मचारियों में खलबली मच गई। जिससे विवाद दिन प्रतिदिन गहराता चला गया। पालिकाध्यक्ष वर्मा ने ईओ पर कार्यों पर रूकावट डालने व कार्यों की समझ न होने का आरोप लगाते हुए कई बार शासन में पत्र लिखकर तबादले की मांग की। बात यहीं नहीं रूकी।
विवाद इतना बढ़ा कि ईओ ने पालिकाध्यक्ष व एक सभासद पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए उन पर मुकदमा दर्ज करवा दिया। विकास कार्यों में अवरोध को देखते हुए पालिका बोर्ड ने विगत माह ईओ को कार्यमुक्त कर शासन से नए ईओ की तैनाती की मांग की। यही नहीं पालिकाध्यक्ष ने ईओ के तबादले को लेकर कई दिनों तक धरना प्रदर्शन भी किया था।
दोनों के विवाद के चलते पालिका के कई विकास कार्य अटक गए। टेंडर पर रोक लग गई, कर्मचारियों को वेतन व ईपीएफ का लाभ नहीं मिला। शासन ने निर्वाचन विभाग की रिपोर्ट पर कई अधिशासी अधिकारियों के तबादले कर दिए। ईओ जोशी का भी इस लिस्ट के तहत तबादला हो जाने से पालिका बोर्ड के साथ कर्मचारियों व लोगों में खुशी का माहौल है। लोगों को इस बात का सुकून है कि पालिका के विकास कार्यों में तेजी आएगी और सफाई व्यवस्था दुरुस्त होगी।
भ्रष्टाचारियों की कैद से मिली मुक्ति : ईओ
टनकपुर। ईओ भूपेंद्र प्रकाश जोशी ने कहा कि मुझे भ्रष्टाचारियों की कैद से आजादी मिली। मुझे इस बात का सुकून है कि मै पालिका कर्मचारियों व क्षेत्रहित में कम समय में बहुत काम किया। कर्मचारियों को समय से वेतन दिलाने, सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने व भवन कर वसूली में अधिक काम किया। इस बात का भी मलाल है कि अंतिम समय में कर्मचारियों को वेतन नहीं दिला सका। मेरे तबादले से कर्मचारी काफी दुखी है। मैंने पालिका से विगत पांच माह से एक रुपये का भी वेतन नहीं लिया। यही नहीं मैंने उद्यान विभाग से तो अपनी सर्विस बुक तक नहीं मंगवाई। नई जगह जाकर और ऊर्जा के साथ काम करूंगा। कर्मचारियों को जल्द ही ईपीएफ का लाभ मिलेगा। इसके लिए मैंने सारे कार्य कर दिए हैं।
