बरेली: दिल में वोट डालने की चाहत, मगर बैठे हैं कोसों दूर
बरेली, अमृत विचार। ज्यादा से ज्यादा लोग मतदान करें, इसके लिए शासन व प्रशासन स्तर पर अनके प्रयास किए जा रहे हैं। मतदान जागरुकता के लिए स्कूल व अन्य निजी संस्थाओं के जरिये अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इतने प्रयासों के बावजूद शहर के सैकड़ों युवाओं की विधानसभा चुनाव में मत का प्रयोग करने …
बरेली, अमृत विचार। ज्यादा से ज्यादा लोग मतदान करें, इसके लिए शासन व प्रशासन स्तर पर अनके प्रयास किए जा रहे हैं। मतदान जागरुकता के लिए स्कूल व अन्य निजी संस्थाओं के जरिये अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इतने प्रयासों के बावजूद शहर के सैकड़ों युवाओं की विधानसभा चुनाव में मत का प्रयोग करने की चाहत पूरी होती नहीं दिख रही है। दरअसल, बड़ी संख्या में युवा नौकरी व पढ़ाई के सिलसिले में यहां से कोसों दूर हैं। इनमें से कई युवा तो ऐसे हैं जो 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं।
राजनीतिक दलों से उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार जिले में कम से कम 12 से 14 हजार युवा इन दिनों पढ़ाई या नौकरी के लिए जिले से बाहर रह रहे हैं। ऐसे युवा अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें, इसके लिए राजनीतिक दल तो अपने स्तर पर प्रयास कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से ऐसी कोई व्यवस्था नहीं की गई है कि जिले से बाहर रह रहे युवा सहज रूप से मतदान कर सकें, जबकि शहर से बाहर रह रहे युवा मतदाता विधानसभा चुनाव में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।
——————
बाहर रहने वाले युवाओं से बातचीत
दिल्ली से एमबीबीएस की पढ़ाई जारी होने के कारण चुनाव के दिन बरेली में रहना नहीं हो पा रहा है। अभी तक आयु कम होने के कारण किसी भी चुनाव में मत का प्रयोग नहीं कर पाती थी। शुरूआत से ही वोट डालने की चाहत है, लेकिन अभी तक यह पूरी नहीं हो पाई है। -इंजिला, छात्रा
बाहर रहने वाले छात्रों के लिए डिजिटल वोटिंग की व्यवस्थाएं होती तो आसानी होती। इन दिनों दिल्ली के एक कॉलेज में पढ़ाई शुरू होने के कारण बरेली में होने वाले चुनाव में शामिल हो पाना मुश्किल है। -माहम, छात्रा
जनपद के लोगों से अपील है कि सभी मताधिकार का प्रयोग करें। मैं पुणे में निजी कंपनी में नौकरी करता हूं। कोशिश होगी कि चुनाव के दिन गृह जनपद में वोट देने के लिए मौजूद रहूं। -राकेश गंगवार
सरकार को डिजिटल व्यवस्थाएं करानी चाहिए, ताकि बाहर रहने की स्थिती में लोग अपने मत का प्रयोग कर सकें। मैं नोएडा में एक मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत हूं। -अमर, मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत
