बदायूं: प्रधान को फंसाने को हिस्ट्रीशीटर ने की थी तीसरी हत्या
बदायूं,अमृत विचार। थाना उघैती क्षेत्र में 2 मार्च की रात को हुई हत्या ग्राम प्रधान को फंसाने के लिए की गई थी। गांव निवासी एचएस (हिस्ट्रीशीटर) ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर साजिश रची थी। युवक को गाली मारकर चकरोड पर फेंक दिया था। हत्या में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया …
बदायूं,अमृत विचार। थाना उघैती क्षेत्र में 2 मार्च की रात को हुई हत्या ग्राम प्रधान को फंसाने के लिए की गई थी। गांव निवासी एचएस (हिस्ट्रीशीटर) ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर साजिश रची थी। युवक को गाली मारकर चकरोड पर फेंक दिया था। हत्या में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि एक आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर है। सोमवार को एसएसपी ने घटना का खुलासा कर दिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम को 15 हजार रुपये का पुरस्कार दिया।
गांव रियोनाई कुंदन निवासी मनोहर उर्फ मनोज उर्फ मंत्री पुत्र धर्मपाल दो मार्च की रात को खेत की रखवाली के लिए ट्यूबबैल पर रुकने के लिए गए थे। कुछ समय के बाद मनोहर ने मोबाइल से अपने सगे भाई सुनील कुमार को फोन किया कि वह खतरे में है। तीन लोग उसका अपहरण करके ले जा रहे हैं, बचा लो फिर फोन बंद हो गया।
परिजन उसकी तलाश में खेत पर गए लेकिन मनोहर कहीं नहीं मिला। 3 मार्च को गांव के पास के चकरोड पर मनोहर का शव मिला था। हत्यारोपी मनोहर का मोबाइल साथ ले गए थे। एसएसपी डॉ. ओपी सिंह और एसपी देहात सिद्धार्थ वर्मा ने जल्द खुलासा का निर्देश देते हुए तीन टीमें गठित की थीं।
टीमों ने सर्विलांस की सहायता से तीन आरोपी गांव रियोनाई निवासी एचएस प्रेमपाल चौधरिया, गांव खडुआ के सत्यपाल पुत्र मटरूलाल और गांव भवीपुर के भारत पुत्र नत्थू को गिरफ्तार कर लिया जबकि उनका चौथा साथी गांव खडुआ निवासी रूपराम पत्र कोमिल पकड़ से दूर है। मुख्य आरोपी प्रेमपाल ने बताया कि गांव के प्रधान खुशीराम शाक्य से उसकी पुरानी दुश्मनी चल रही है।
जिससे फंसाने के लिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर योजना बनाई थी। मनोहर का अपहरण करके उसके फोन से सुनील कुमार को फोन कराया था कि उसका अपहरण खुशीराम और दो अन्य लोगों ने कर लिया है। फिर मनोहर की गोली मारकर हत्या कर दी। जिससे हत्या के बाद मनोहर के परिजन प्रधान खुशीराम का नाम बताएं और वह जेल चला जाए।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक तमंचा, दो खोका और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। हत्यारोपियों पर अपहरण की धारा भी बढ़ाई जाएगी। खुलासे के दौरान एसपी देहात सिद्धार्थ वर्मा, सीओ बिल्सी बलदेव सिंह खनेड़ा, सीओ लाइन शुभेंदु गोपाल मौजूद रहे।
मुख्य आरोपी पर दर्ज हैं 23 मुकदमे
हत्या का मुख्य आरोपी प्रेमपाल चौधरिया हिस्ट्रीशीटर है। उसके ऊपर थाना बिल्सी, उघैती, बिनावर, मूसाझाग, सोरों में 23 मुकदमे पंजीकृत चल रहे हैं। वह 2004 और 2012 में भी हत्याएं कर चुका है। इसके अलावा आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट की कई बार कार्रवाई हो चुकी है। 2017 में उसने पुलिस से भी मुठभेड़ की थी।
हत्याकांड का खुलासा करने वाली टीम
हत्याकांड के खुलासे में सर्विलांस टीम के उपनिरीक्षक सर्वेंद्र कुामर, हेड कांस्टेबल सचिन कुमार व शराफत हुसैन, कांस्टेबल लोकेंद्र कुमार, सचिन कुमार, मनीष कुमार के अलावा स्वाट टीम से भूपेंद्र कुमार, आजाद कुमार, कुशकांत कुमार, अतेंद्र कुमार, रिजाबुल हसन साथ थाना उघैती से थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा, उपनिरीक्षक सचिन कुमार व इंतजार हुसैन, अंकित चौधरी, हरिराम, सुधीर भाटी अन्नू राठी शामिल रहे। टीम को नकद पुरस्कार की घोषणा हुई है।
दो मार्च से गायब युवक का शव तीन मार्च को गांव के चकरोड पर मिला था। ग्राम प्रधान को फंसाने के लिए हिस्ट्रीशीटर ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर साजिश रची थी। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। चौथा भी जल्द पकड़ा जाएगा।
—डॉ. ओपी सिंह, एसएसपी
ये भी पढ़ें-
