ब्लड कैंसर के विरुद्ध प्रतिरोधक क्षमता उत्पन्न करता है विटामिन- डी, केजीएमयू के शोध में हुआ खुलासा
लखनऊ । जिन लोगों के शरीर में विटामिन-डी का स्तर अच्छा होता है,उन लोगों में कैंसर के खिलाफ प्रतिरोधक क्षमता अच्छी होती है। इस बात का खुलासा केजीएमयू स्थित क्लीनिकल हिमैटोलॉजी विभाग में हुये शोध के दौरान चिकित्सकों ने किया है। खास बात यह है कि इस शोध को अन्तर्राष्ट्रीय जनरल न्यूट्रिशन एंड कैंसर ने …
लखनऊ । जिन लोगों के शरीर में विटामिन-डी का स्तर अच्छा होता है,उन लोगों में कैंसर के खिलाफ प्रतिरोधक क्षमता अच्छी होती है। इस बात का खुलासा केजीएमयू स्थित क्लीनिकल हिमैटोलॉजी विभाग में हुये शोध के दौरान चिकित्सकों ने किया है। खास बात यह है कि इस शोध को अन्तर्राष्ट्रीय जनरल न्यूट्रिशन एंड कैंसर ने इसी साल मई महीने में प्रकाशित किया है।
केजीएमयू के क्लीनिकल हिमैटोलॉजी विभाग में ब्लड कैंसर के मरीजों में विटामिन – डी पर किए गए शोध में महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। जिसमें बताया गया है कि विटामिन डी का हमारे स्वास्थ्य के लिए बड़ा महत्व है, विभिन्न प्रकार के कैंसर के विरुद्ध प्रतिरोधी क्षमता उत्पन्न करने में इसका अहम योगदान होता है, साथ ही यह भी कहा गया है कि यह संभव है कि शरीर में विटामिन डी की कमी होने पर कैंसर के उपचार की सफलता पर प्रभाव पड़ता हो।
क्लीनिकल हिमैटोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ.ए.के.त्रिपाठी, डॉ.एस पी वर्मा और शोध छात्रा श्वेता की टीम ने एक्यूट ल्यूकेमिया (एक तरह का कैंसर) के 73 मरीजों में इलाज के पूर्व विटामिन- डी के लेबल का परीक्षण किया और कीमोथेरेपी के प्रभाव का अध्ययन किया गया। इस शोध में 80 प्रतिशत मरीजों के रक्त में विटामिन- डी की मात्रा 20 एमजी प्रति एमएल कम पाई गई।
केजीएमयू के क्लीनिकल हिमैटोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ.ए.के.त्रिपाठी ने बताया कि शोध के दौरान यह देखा गया कि जिन मरीजों में विटामिन- डी का स्तर सामान्य था, उनमें कीमोथेरेपी का प्रभाव विटामिन- डी की कमी वाले मरीजों की अपेक्षा अच्छा था, यह भी देखा गया कि रोग या कीमोथेरेपी के दुष्प्रभाव से कम विटामिन डी वाले मरीजों में मृत्यु दर ज्यादा थी। उन्होंने बताया कि यह अध्ययन इसलिए भी बहुत महत्वपूर्ण है कि अपने देश में विटामिन -डी की कमी व्यापक रूप से मौजूद है। जिसका निराकरण करना सेहतमंद रहने के लिए अत्यंत आवश्यक है।
डॉ.ए.के.त्रिपाठी ने बताया कि अब आगे आवश्यकता यह देखने की है कि क्या ब्लड कैंसर की दवा के साथ-साथ विटामिन डी देने से कैंसर के उपचार की सफलता में लाभ होता है या नहीं। इसके अलावा उन्होंने बताया कि शरीर में विटामिन-डी के कमी के लक्षण सामान्य रूप से दिखाई नहीं पड़ते। चिकित्सक की सलाह पर विटामिन डी की जांच करानी चाहिए,कमी होने पर डाक्टर की सलाह लेनी चाहिए।
यह भी पढ़ें : विटामिन ए की कमी से हो सकता है कैंसर, केजीएमयू के शोध में हुआ खुलासा
