VIDEO : आंसुओं के साथ रोजर फेडरर की विदाई, राफेल नडाल भी हुए भावुक
लंदन। यह टेनिस के लिए विशेष दिन था, जब रोजर फेडरर अपना आखिरी मैच खेलने के लिए कोर्ट पर उतरे और उनका साथ कोई और नहीं बल्कि वह राफेल नडाल दे रहे थे, जिनके साथ उनकी कई वर्षों तक कड़ी प्रतिद्वंदिता रही। फेडरर ने शुक्रवार की रात को अपने चमकदार करियर को अलविदा कहा। इस …
लंदन। यह टेनिस के लिए विशेष दिन था, जब रोजर फेडरर अपना आखिरी मैच खेलने के लिए कोर्ट पर उतरे और उनका साथ कोई और नहीं बल्कि वह राफेल नडाल दे रहे थे, जिनके साथ उनकी कई वर्षों तक कड़ी प्रतिद्वंदिता रही। फेडरर ने शुक्रवार की रात को अपने चमकदार करियर को अलविदा कहा। इस 41 वर्षीय खिलाड़ी ने अपने करियर में 20 ग्रैंडस्लैम खिताब जीते और वह कई सप्ताह तक दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी भी रहे।
An unforgettable night.#LaverCup pic.twitter.com/VDbRdCOsOs
— Laver Cup (@LaverCup) September 24, 2022
उन्होंने लेवर कप में अपना आखिरी मैच खेला, जिसमें वह टीम यूरोप की तरफ से युगल मैच खेलने के लिए कोर्ट पर उतरे। उनके जोड़ीदार नडाल थे और इन दोनों दिग्गज खिलाड़ियों को टीम विश्व के फ्रांसिस टियाफो और जैक सॉक से हार का सामना करना पड़ा। टीम विश्व के खिलाड़ियों ने इस मैच को 4-6, 7-6 (2), 11-9 से जीता लेकिन यह केवल रिकॉर्ड के लिए है क्योंकि इस मैच के मायने कुछ और थे। यह विश्व टेनिस पर लंबे समय तक राज करने वाले फेडरर को विदाई देने का अवसर था।
आंसुओं के साथ रोजर फेडरर की विदाई
जब मैच समाप्त हुआ और फेडरर ने पेशेवर टेनिस को अलविदा कहा तो उन्होंने सबसे पहले नडाल और फिर टियाफो और सॉक को गले लगाया। फेडरर इसके बाद भावुक हो गए और जब वह टीम यूरोप के अन्य खिलाड़ियों से मिलने जा रहे थे तो वह अपने आंसुओं को नहीं रोक पाए। स्टेडियम में मौजूद दर्शक तालियां बजा रहे थे लेकिन साथ ही उनकी सिसकियां भी निकल रही थी। फेडरर ने इसके बाद दर्शकों का आभार व्यक्त किया जो दो घंटे से अधिक समय तक चले और रात 12 बजकर 30 मिनट पर समाप्त हुए मैच के दौरान अलविदा फेडरर, अलविदा फेडरर कह रहे थे।
An emotional final farewell.#LaverCup | @rogerfederer pic.twitter.com/lSZb9KfvbN
— Laver Cup (@LaverCup) September 23, 2022
स्विजरलैंड के इस स्टार खिलाड़ी ने पिछले सप्ताह घोषणा की थी कि वह इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता के बाद टेनिस से संन्यास ले लेंगे। इसके बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि युगल मैच उनका आखिरी मैच होगा। फेडरर को पिछले साल विंबलडन के क्वार्टर फाइनल में हार के बाद अपने दाहिने घुटने के तीन ऑपरेशन कराने पड़े थे। इसके बाद वह कोर्ट पर नहीं उतर पाए और इस तरह से विंबलडन का वह मैच उनका आखिरी एकल मैच साबित हुआ। फेडरर ने पिछले दिनों एक साक्षात्कार में कहा था,‘‘ जब मैंने तय किया कि यह (संन्यास लेना) सर्वश्रेष्ठ फैसला है तो मैं दुखी था। मुझे इसका दर्द महसूस हो रहा था।’’
All the Fedal feelings.#LaverCup pic.twitter.com/WKjhcADFoe
— Laver Cup (@LaverCup) September 24, 2022
शुक्रवार को मैच से पहले फेडरर ने ट्वीट किया,‘‘ मैंने हजारों बार ऐसा किया है लेकिन यह अलग तरह का अहसास है। आज रात मैच देखने के लिए आने वाले सभी का आभार। इस दिग्गज टेनिस खिलाड़ी ने अपने करियर में 20 ग्रैंड स्लैम खिताब जीते जिनमें विंबलडन में आठ, ऑस्ट्रेलियाई ओपन में छह, अमेरिकी ओपन में पांच और फ्रेंच ओपन में एक खिताब शामिल है। फेडरर ने कुल मिलाकर 103 एकल खिताब जीते और वह 310 सप्ताह तक एटीपी रैंकिंग में नंबर एक पर काबिज रहे। इसके अलावा उनके नाम पर डेविस कप खिताब और ओलंपिक पदक भी दर्ज है। खेल से इतर उन्हें एक आदर्श खिलाड़ी माना जाता था जिन्होंने टेनिस को नई ऊंचाइयां प्रदान की।
सबसे ज्यादा मेंस सिंगल्स ग्रैंड स्लैम खिताब:
- राफेल नडाल (स्पेन)- 22 (ऑस्ट्रेलियन-2, फ्रेंच-14, विम्बलडन-2, यूएस-4)
- नोवाक जोकोविच (सर्बिया )- 21 (ऑस्ट्रेलियन-9, फ्रेंच-2, विम्बलडन-7, यूएस-3)
- रोजर फेडरर (स्विट्जरलैंड)- 20 (ऑस्ट्रेलियन-6, फ्रेंच-1, विम्बलडन-8, यूएस-5)
- पीट सैम्प्रास (अमेरिका)-14 (ऑस्ट्रेलियन-2, फ्रेंच-0, विम्बलडन-7, यूएस-5)
ये भी पढ़ें : बारिश के खलल के बीच रोहित ने भारत को दिलाई जीत, दूसरे टी20 में ऑस्ट्रेलिया को चटाई धूल
