Prithvi Shaw: पृथ्वी शॉ ने कोर्ट में दायर किया बयान, सपना गिल के छेड़खानी आरोपों को बताया झूठा
मुंबईः भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शॉ ने लंबे समय से चले आ रहे विवाद में बड़ा कदम उठाया है। मुंबई की डिंडोशी सेशन कोर्ट में 16 दिसंबर को शॉ ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सपना गिल द्वारा लगाए गए छेड़खानी के आरोपों पर अपना विस्तृत जवाब दाखिल किया। शॉ ने इन आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद, दुर्भावनापूर्ण और अपनी छवि खराब करने की साजिश करार दिया है।
यह मामला फरवरी 2023 का है, जब पृथ्वी शॉ अपने दोस्तों के साथ मुंबई के एक क्लब में थे। सपना गिल और उनके साथियों ने बार-बार सेल्फी मांगकर परेशान किया, जिसके बाद क्लब स्टाफ ने उन्हें बाहर कर दिया। शॉ का दावा है कि इसके बाद गिल और उनके साथियों ने उनकी कार पर हमला किया और पीछा करते हुए धमकी दी। इस घटना के आधार पर ओशिवारा पुलिस ने गिल और उनके साथियों के खिलाफ FIR दर्ज की थी, उन्हें गिरफ्तार भी किया गया और बाद में जमानत मिली।
जवाब में गिल ने शॉ और उनके दोस्त आशीष यादव पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए कोर्ट का सहारा लिया। पुलिस जांच में इन आरोपों को कोई आधार नहीं मिला, लेकिन गिल ने रिविजन याचिका दाखिल की। अब शॉ ने इस याचिका को खारिज करने की मांग की है, इसे कानूनी प्रक्रिया का दुरुपयोग और पर्सनल वेंडेटा बताया। शॉ की ओर से कहा गया कि यह केस सिर्फ पब्लिसिटी और परेशान करने के लिए दर्ज किया गया है। मामले की अगली सुनवाई कोर्ट तय करेगा।
इस बीच, क्रिकेट फैंस के लिए अच्छी खबर है कि पृथ्वी शॉ IPL 2026 में वापसी कर रहे हैं। अबू धाबी में हुई मिनी नीलामी के आखिरी राउंड में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें बेस प्राइस 75 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। पहले राउंड में अनसोल्ड रहने के बाद यह उनके लिए बड़ा मौका है, जहां वे घरेलू फॉर्म को IPL में दोहराने की कोशिश करेंगे।
