'Spare' के प्रकाशन से पहले प्रिंस हैरी का बड़ा बयान, बोले- BOOK में मेरी अपनी कहानी कहने का प्रयास

Amrit Vichar Network
Published By Priya
On

लंदन। प्रिंस हैरी ने एक संस्मरण प्रकाशित करने के अपने फैसले का बचाव किया है जिसमें ब्रिटेन के शाही परिवार के आंतरिक झगड़े सबके सामने आ गये हैं। हैरी ने कहा कि यह 38 वर्षों तक दूसरे लोगों द्वारा ‘हेरफेर करने और तोड़ने-मरोड़ने’ के बाद ‘‘मेरी अपनी कहानी कहने का प्रयास है’’। ब्रिटिश शाही खानदान के राजकुमार ने अपनी पुस्तक ‘स्पेयर’ के बारे में बात की। इस किताब में निजी भावनात्मक उतार-चढ़ाव और कटु पारिवारिक संबंधों के बारे में लिखा गया है और इस वजह से यह सुर्खियों में है।

 रविवार को प्रसारित साक्षात्कार में प्रिंस हैरी ने शाही परिवार के सदस्यों पर अनुकूल कवरेज हासिल करने के लिए अनुचित तरीके अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि उनकी सौतेली मां और क्वीन कन्सॉर्ट कैमिला ने निजी बातचीत को मीडिया को लीक कर दिया। हैरी ने यह भी कहा कि उनकी पत्नी मेगन की पीड़ा और परेशानियों के दौरान भी परिवार के सदस्यों में मिलीभगत रही। उन्होंने दावा किया कि अलग-अलग मूल के माता-पिता की पुत्री और अमेरिकी अभिनेत्री मेगन मर्केल से विवाह के बाद उनके अजन्मे बच्चे के रंग को लेकर शाही परिवार चिंतित था। 

हैरी ने कहा कि ब्रिटिश राजपरिवार को अपने नस्लीय रवैये पर ध्यान देना चाहिए। हैरी और मेगन ने सबसे पहले 2021 में ओपरा विनफ्रे को दिये साक्षात्कार में इस घटना की जानकारी दी थी। उन्होंने अपनी संतान के रंग को लेकर चिंता जताने वाले परिवार के सदस्यों का नाम नहीं बताया। हैरी ने कहा कि यह घटनाक्रम नस्लवाद के बजाय अवचेतन में पैठ बनाये हुए पूर्वाग्रहों का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि शाही परिवार को ‘समस्या के बजाय समाधान का हिस्सा’ बनने के क्रम में सीखने और आगे बढ़ने की जरूरत है।

 हैरी ने कहा कि जब आप राजपरिवार से जुड़े होते हैं तो आपके ऊपर जिम्मेदारी होती है और इसलिए लोग आपको दूसरों से ऊंचा मानते हैं। उन्होंने एक घटना सुनाई जिसमें महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की एक पूर्व सहायिका ने एक अश्वेत ब्रिटिश महिला से पूछा था कि वह वास्तव में कहां से नाता रखती है। उन्होंने कहा कि यह ‘संस्थान के अंदर के माहौल का बहुत अच्छा उदाहरण है’। ‘स्पेयर’ 1997 में हैरी की मां की मृत्यु पर उनके दुख को बयां करती है और लंबे समय तक उनके बड़े भाई प्रिंस विलियम के आगे उनका महत्व कम होने की उनकी पीड़ा को भी व्यक्त करती है। 

पुस्तक में हैरी ने विलियम के साथ अपनी कहासुनी और एक बार हुई हाथापाई का जिक्र किया है और कोकीन तथा अन्य नशीले पदार्थ के सेवन का खुलासा भी किया है। प्रिंस हैरी ने लिखा है कि उन्होंने अफगानिस्तान में अपाचे हेलीकॉप्टर के पायलट के रूप में 25 तालिबान लड़ाकों को मार गिराया था। उनके इस दावे की तालिबान और ब्रिटेन के पूर्व सैनिक दोनों ही निंदा करते हैं। हैरी ने आईटीवी को बताया कि वह अपनी मां के निधन के बाद केवल एक बार उन्हें दफनाये जाते समय रोए थे। 

उन्होंने कहा कि उन्हें प्रिंसेस डायना के लंदन स्थित आवास केनसिंग्टन पैलेस के बाहर जमा हुए शोकाकुल लोगों की भीड़ का अपने भाई के साथ अभिवादन स्वीकार करते हुए भावुकता प्रदर्शित नहीं करने का दुख है। ‘स्पेयर’ से पहले हैरी और मेगन का विनफ्रे को दिया साक्षात्कार आया था और पिछले महीने उनकी छह भाग वाली नेटफ्लिक्स की डॉक्यूमेंट्री आई थी। हैरी ने आईटीवी से कहा कि वह शाही परिवार के साथ सुलह चाहते हैं, लेकिन ‘फैसला उन्हें करना है’। उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने फिर से सुलह करने के लिए बिल्कुल भी इच्छा प्रकट नहीं की है।’’

ये भी पढ़ें:- यूरोप-अमेरिका के दौरे पर जापानी पीएम फुमियो किशिदा ने सुरक्षा चिंताओं को किया रेखांकित

संबंधित समाचार