Kanpur Weather Today : धूप निकलने से लोगों को मिली राहत, अगले कुछ दिनों के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट किया जारी

Amrit Vichar Network
Published By Kanpur Digital
On

Kanpur Weather Today कानपुर में दो दिन से धूप निकलने से लोगों को मिली राहत।

Kanpur Weather Today कानपुर में दो दिन से धूप निकलने से ठंड से लोगों को थोड़ी राहत मिली है। लेकिन अगले कुछ दिनों के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया।

कानपुर, अमृत विचार। Kanpur Weather Today इस बार की मकर संक्रांति कड़ाके की सर्दी के बीच मनेगी। मौसम विभाग की भविष्यवाणी है कि एक दो दिन में ही दिल्ली सहित पश्चिमी क्षेत्रों में बारिश की संभावनाएं हैं तो हिमाचल प्रदेश में पहाड़ों पर बर्फबारी हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ भी और सक्रिय होगा।

ऐसे में पश्चिम से आने वाली हवा बहुत ठंडी होगी और गलन बढ़ा देगी। उत्तरी क्षेत्रों में घना कोहरा के भी संकेत दिए गए हैं। लिहाजा पर्व के साथ ही यह सप्ताह बहुत ठंडा होने वाला है।

बुधवार को पूरे दिन कोहरा छाने के बाद गुरुवार को मौसम ने काफी राहत दी। हल्के बादल जरूर दिख रहे थे, लेकिन ये बादल धूप निकलने में अड़चन नहीं बने। धूप निकली और फिर धूप में लोग बाहर निकले। छत पर चारपाई, कुर्सी लगाकर घर के बुजुर्गों ने खूब आनंद लिया तो वहीं कार्यालयों में भी दफ्तरों से बाहर निकलकर कर्मचारियों ने घंटों वक्त धूप में बिताया। अधिकतम पारा 18.6 और न्यूनतम पारा 8.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

दोपहर के बाद देर शाम तक मौसम को देख कोहरे के आसार नहीं लग रहे थे। लेकिन रात नौ बजे के बाद कोहरे की हल्की-हल्की धुंध छानी शुरू हो गई। मौसम विभाग से डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मौसम कड़ाके की सर्दी वाला होने वाला है। इसका असर शुक्रवार को भी दिखेगा। कोहरा और बादल छाए रह सकते हैं।

शनिवार और रविवार को घना कोहरा छाने की संभावनाए हैं। दिल्ली में गुरुवार से ही बारिश की संभावनाएं जताई जाने लगी हैं। यहां शुक्रवार से बारिश का असर दिख सकता है। हिमाचल प्रदेश की वादियां अब सफेद चादर से ढंकने वाली हैं, जिसका असर तराई और उत्तरी क्षेत्रों में दिखेगा। यह असर 20 जनवरी तक काफी प्रभावित करने वाला हो सकता है।

कल से रफ्तार पकड़ेगी ठंडी हवा

गुरुवार की धूप से राहत जरूर मिली है, लेकिन अगले कुछ दिन सितम ढाने वाली सर्दी से आपको सामना करना पड़ सकता है। दरअसल, मौसम विभाग का अनुमान है कि 14 जनवरी से मौसम एक बार फिर से करवट लेगा। शुक्रवार को भी मौसम में ठंडक गुरुवार की अपेक्षा ज्यादा रहेगी।

इसके साथ ही शनिवार से हवा की गति और तेज हो गई। डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि हवा की गति पांच से छह किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी। इस बीच पर्वतीय इलाकों मे बर्फबारी और बारिश होती है तो यह हवा और ठंडी होगी और गलन बढ़ा देगी। 20 जनवरी तक तेज गति से हवा चलने की पूरी संभावनाएं हैं।

इसलिए ठंड से बचाव जरूरी है। बीच-बीच में धूप निकल सकती है, लेकिन हवा की वजह से गलन का असर जारी रहेगा। गुरुवार को भी चार किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली।

संबंधित समाचार