यूपी कैबिनेट मंत्री दिनेश खटीक का बड़ा बयान: हस्तिनापुर से तीसरी बार चुनाव नहीं लड़ना चाहता, वीडियो वायरल!

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

मेरठ। उत्तर प्रदेश के जलशक्ति राज्य मंत्री दिनेश खटीक ने हस्तिनापुर विधानसभा क्षेत्र से तीसरी बार चुनाव न लड़ने के संकेत दिये हैं। एक कार्यक्रम के दौरान दिए गए उनके इस वक्तव्य का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। खटीक ने किठौर विधानसभा क्षेत्र के खरखौदा में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वह दो बार विधायक और दो बार मंत्री बन चुके हैं, लेकिन अब हस्तिनापुर से तीसरी बार विधायक बनने की इच्छा नहीं रखते। उन्होंने कहा कि उनके मन से यह बात बार-बार निकलती है कि वह यहां (हस्तिनापुर) से फिर चुनाव नहीं लड़ना चाहते। 

मंत्री ने हालांकि यह भी स्पष्ट किया कि वह पार्टी के निर्णय के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं और संगठन जहां से भी चुनाव लड़ने का निर्देश देगा, वह उसे स्वीकार करेंगे। उन्होंने धार्मिक ग्रंथों और महाभारत के प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि हस्तिनापुर के ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व से वह भली-भांति परिचित हैं। मंत्री के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किया जा रहा है। इस पर राजनीतिक कार्यकर्ताओं और आम लोगों की प्रतिक्रियाएं भी आ रही हैं। गौरतलब है कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में हस्तिनापुर सीट पर मुकाबला काफी करीबी रहा था। उस चुनाव में दिनेश खटीक ने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी योगेश वर्मा को सात हजार से अधिक मतों से पराजित किया था। बहुजन समाज पार्टी तीसरे स्थान पर रही थी।

संबंधित समाचार