यूपी में 40.19 लाख नए वोटर.... पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में जुड़े, पहली बार 15 लाख युवा डालेगें वोट
लखनऊ, अमृत विचार: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव–2026 की तैयारियों के तहत कराए गए मतदाता सूची वृहद पुनरीक्षण–2025 के बाद उत्तर प्रदेश में मतदाताओं की संख्या बढ़ी है। पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची में 40.19 लाख नए वोटर जुड़े हैं, जिससे प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 12.69 करोड़ हो गई है। वर्ष 2021 के पंचायत चुनाव में यह संख्या 12.29 करोड़ थी।
राज्य निर्वाचन आयुक्त राज प्रताप सिंह ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि नए मतदाताओं में बड़ी हिस्सेदारी युवाओं की है। इनमें लगभग 15 लाख ऐसे मतदाता हैं, जिन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर पहली बार मतदाता सूची में जगह बनाई है। उन्होंने बताया कि 18 से 23 वर्ष आयु वर्ग के मतदाताओं की कुल संख्या अब 1.05 करोड़ हो चुकी है, जो पंचायत चुनावों में युवाओं की बढ़ती भागीदारी का संकेत है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने स्पष्ट किया कि पुनरीक्षण के दौरान 1.41 करोड़ नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। इनमें ऐसे मतदाता शामिल हैं, जिनका नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज था, जिनका निधन हो चुका है या जो स्थायी रूप से अन्यत्र स्थानांतरित हो गए हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से की गई है।
उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण शुरू करने से पहले वर्ष 2021 की मतदाता सूची में शामिल सभी 12.29 करोड़ मतदाताओं को स्टेट वोटर नंबर (एसवीएन) आवंटित किया गया। इसके बाद ई-बीएलओ एप और गणना प्रपत्रों के माध्यम से घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया गया। जिन मतदाताओं के नाम एक से अधिक बार पाए गए, उन्हें सूची से विलोपित किया गया।
राज प्रताप सिंह ने कहा कि एसवीएन किसी भी मतदाता को जीवन में केवल एक बार ही दिया जाएगा। यदि किसी मतदाता का नाम सूची से हटाया जाता है, तो उसका एसवीएन नंबर फ्रीज कर दिया जाएगा और भविष्य में किसी अन्य को आवंटित नहीं होगा। इससे फर्जी और दोहरे मतदाताओं पर पूरी तरह रोक लगेगी। उन्होंने बताया कि पंचायत चुनाव मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 23 दिसंबर को किया जाएगा। इस अवधि में मतदाता दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। सभी आपत्तियों के निस्तारण के बाद 6 फरवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
पंचायत चुनाव मतदाता सूची : प्रमुख तथ्य
• कुल नए मतदाता जुड़े : 40.19 लाख
• कुल मतदाता संख्या : 12.69 करोड़
• वर्ष 2021 में कुल मतदाता : 12.29 करोड़
• हटाए गए नाम : 1.41 करोड़
• 18 वर्ष के नए मतदाता : करीब 15 लाख
• 18–23 वर्ष आयु वर्ग के वोटर : 1.05 करोड़
• प्रारंभिक प्रकाशन : 23 दिसंबर
• अंतिम प्रकाशन : 6 फरवरी
