Video : Congress सांसद संतोख सिंह चौधरी का निधन, Bharat Jodo Yatra के दौरान बिगड़ी थी तबीयत, यात्रा रोकी

Amrit Vichar Network
Published By Himanshu Bhakuni
On

नई दिल्ली। भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ चल रहे कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का निधन शनिवार सुबह हो गया। इस कारण राहुल गांधी ने यात्रा स्थगित कर दी है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि जालंधर से कांग्रेस के सांसद संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। 

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि आज दिल का दौरा पड़ने से सांसद संतोख सिंह चौधरी जी के आकस्मिक निधन के बारे में सुनकर अत्यंत दुख हुआ। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके पूरे परिवार के साथ हैं। वाहेगुरु जी दिवंगत आत्मा को चिर शांति प्रदान करें।



लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के निधन पर शोक व्यक्त किया। लुधियाना में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान पैदल चलते हुए वह गिर गए थे। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उनका निधन हो गया।

कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान लुधियाना में एक एम्बुलेंस में फगवाड़ा के विर्क अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका निधन हो गया। बताया जा रहा है कि संतोख सिंह चौधरी का निधन हार्ट अटैक से हुआ है। वह आज राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में थे शामिल हुए थे।

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने घटना को दुखद बताते हुए बताया कि संतोख सिंह चौधरी भारत जोड़ो यात्रा में कुछ दूरी पर उनके साथ ही चल रहे थे और आधा घंटा पहले ही हम साथ थे। उन्होंने कहा कि अचानक उन्होंने देखा कि एक एंबुलेंस उनको लेकर वहां से चली गई।

कांग्रेस सांसद ने कहा कि वह काले रंग का ट्रैक सूट पहने हुए थे और एक-दूसरे ने नजर मिलने पर हमने अभिवादन भी किया। मनीष तिवारी ने आगे कहा कि वह हमारे बुजुर्ग थे और बड़े साल हम लोग इकट्ठे रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा को फिलहाल रोक दिया गया है।

संतोख सिंह चौधरी के निधन के बाद राहुल गांधी ने फिलहाल भारत जोड़ो यात्रा रोक दी है। यह यात्रा आज लुधियाना के लाडोवाल टोल प्लाजा से फगवाड़ा की तरफ जा रही थी। सुबह करीब 8.45 पर संतोख सिंह चौधरी की तबियत बिगड़ी। जिसके बाद राहुल गांधी भी उनको देखने के लिए अस्पताल गए। लेकिन कांग्रेस सांसद का निधन हो गया। बता दें कि चौधरी संतोख सिंह 76 साल के थे।

ये भी पढ़ें : प्रतिस्पर्धा आयोग के आदेश से भारत में डिजिटलीकरण को नुकसान पहुंचेगा: Google

संबंधित समाचार