Merry Christmas: लखनऊ में 30 फीट का ऊंचा सांता क्लॉज बना आकर्षण का केंद्र
लखनऊ, अमृत विचार। गोमतीनगर स्थित फन रिपब्लिक मॉल में क्रिसमस के माहौल को जीवंत करने के लिए 30 फीट ऊंचा सांता क्लॉज स्थापित किया गया है। 30 फीट ऊंचाई और 24 फीट चौड़ाई वाला यह विशालकाय सांता क्लॉज मॉल की क्रिसमस सजावट का प्रमुख आकर्षण है। लाल और सफेद रंगों के सिग्नेचर ड्यूल टोन में तैयार यह कलात्मक संरचना अपने शानदार और आकर्षक फिनिश के साथ क्रिसमस की खुशी को बढ़ाने वाली है।
इस सांता क्लाज का उद्घाटन जानी-मानी मॉडल सलोनी अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर फन रिपब्लिक मॉल के जनरल मैनेजर अश्विनी सिंह ने कहा कि क्रिसमस खुशियों, आपसी मेल-जोल और साझा आनंद का पर्व है। उन्होंने बताया कि फन रिपब्लिक मॉल हमेशा से ही परिवारों और हर आयु वर्ग के आगंतुकों के लिए ऐसे अनुभव रचने का प्रयास करता रहा है, जो मुस्कान और यादगार पलों का कारण बनें।
फन रिपब्लिक माल में क्रिसमस के मौके पर कई आयोजन किये जा रहे हैं। इनमें 21 दिसम्बर को केक मेकिंग और सांता क्लॉज मीट एंड ग्रीट, 24 दिसम्बर को क्रिसमस ट्री डेकोरेशन और 25 दिसम्बर को ग्रैंड क्रिसमस परेड का आयोजन किया जाएगा। इस परेड में रूसी कलाकार शामिल होंगे।
