पेरू में यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, 25 की मौत, जांच में जुटी पुलिस
लीमा। उत्तरी पेरू में शनिवार को एक यात्री बस के खाई में गिर जाने से उसमें सवार कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कोरिआंका टूर्स की बस राजधानी लीमा से इक्वाडोर सीमा के पास पेरू के तटीय रेगिस्तान पर स्थित तुंबस शहर की ओर जा रही थी।
अधिकारियों के मुताबिक, रविवार तड़के हुई इस दुर्घटना में बस में सवार कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, हादसे में घायल कुछ यात्रियों की हालत गंभीर है, ऐसे में मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। पेरू के अभियोजक कार्यालय का कहना है कि तेज गति और लापरवाह तरीके से वाहन चलाना पेरू में सड़क दुर्घटनाओं के मुख्य कारणों में शुमार है।
न्यूयॉर्क में दुर्घटना में छह की मौत, तीन घायल
न्यूयॉर्क। न्यूयॉर्क में अमेरिका-कनाडा सीमा के पास एक दर्जन से अधिक लोगों को ले जा रही एक बस और एक ट्रक के बीच टक्कर हो जाने से छह लोगों की मौत हो गई तथा तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि घायलों का एक अस्पताल में चल रहा है और उनमें एक की हालत गंभीर है।
उनके अनुसार लुइसविली शहर के पास राजमार्ग 37 पर इस बस में 15 लोग सवार थे। उन्होंने “टीवी स्टेशन डब्ल्यूडब्ल्यूएनवाई” को बताया कि इस दुर्घटना का दृश्य “भीषण” था। इस टीवी स्टेशन द्वारा जारी की गई तस्वीरों में राजमार्ग के किनारे कुछ फुट ऊंची बर्फ को देखा जा सकता है। उसने कहा कि शनिवार सुबह करीब छह बजे दुर्घटना हुई और शायद उस समय कम दृश्यता रही होगी। अधिकारियों ने टीवी स्टेशन को बताया कि ट्रक सामानों से पूरी तरह से भरा हुआ था।
ये भी पढ़ें:- Iran Earthquake: पश्चिमी ईरान के अजरबैजान प्रांत में भूकंप के जोरदार झटके, रिक्टर पैमाने पर 5.9 तीव्रता
