Varanasi News: कमर्शियल LPG की कालाबाजारी, बंद पड़े पेट्रोल पंप में मिला सिलेंडरों का जखीरा
वाराणसीः वाराणसी की कैंट थाना पुलिस ने रविवार शाम चौका घाट क्षेत्र में बंद पड़े एक पेट्रोल पंप की बिल्डिंग में छापा मारकर अवैध तरीके से भंडारण किए गए 230 से अधिक कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। इनमें से 180 सिलेंडर भरे हुए मिले हैं।
पुलिस ने बताया कि चौकाघाट स्थित सभरवाल ब्रदर्स के बंद पड़े पेट्रोल पंप की बिल्डिंग में बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर रखे जाने की सूचना मिलने पर कैंट पुलिस ने छापा मारा।
मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने दावा किया कि वाहन खराब हो जाने के कारण सिलेंडरों को अस्थायी रूप से यहां उतार लिया गया था। हालांकि जब पुलिस ने पूछताछ शुरू की कि एजेंसी ने इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को क्यों नहीं दी, तो मौके पर मौजूद लोग हट गए। बरामद सिलेंडर मिर्जापुर जिले के अदलहाट स्थित एक गैस एजेंसी से जुड़े बताए जा रहे हैं।
कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि संबंधित अधिकारियों को सूचित कर मामले की जांच की जा रही है। मिर्जापुर जिले के अधिकारियों को भी इसकी सूचना दे दी गई है। प्रथम दृष्टया यह मामला अवैध भंडारण और सप्लाई से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
