Strait of Hormuz पर अब ईरान-ओमान का कंट्रोल! संयुक्त निगरानी का सामने आया बड़ा प्रस्ताव
दुबई: ईरान ने दावा किया है कि वह ओमान के साथ मिलकर होर्मुज जलडमरूमध्य की ''निगरानी'' के लिए एक प्रस्ताव तैयार कर रहा है। सरकारी समाचार एजेंसी 'आईआरएनए' ने ईरान के राजनयिक काजिम घारीबबादी के हवाले से बृहस्पतिवार को अपनी खबर में कहा कि इस प्रस्ताव का उद्देश्य ''इस मार्ग को जहाजों के आवागमन के लिए सुरक्षित और सुगम बनाना तथा बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना'' है।
क्षेत्र में जहाजों पर ईरान के हमलों और होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने के लिए कथित तौर पर 20 लाख अमेरिकी डॉलर तक मांगे जाने ने इस मार्ग को एक तरह से अवरुद्ध कर दिया है। प्रस्ताव का मसौदा क्या है और इसके प्रभाव क्या होंगे, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। ओमान ने भी इस पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। यह जलडमरूमध्य ईरान और ओमान के जलक्षेत्र में है, लेकिन इसे एक अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग माना जाता है और यहां से जहाजों के निर्बाध और स्वतंत्र आवागमन की अपेक्षा की जाती है।
घारीबबादी ने कहा, ''जब हम आक्रामक कार्रवाई का सामना करते हैं तो नौवहन पर गंभीर असर पड़ता है और यह उसी आक्रामकता का नतीजा है। हम इस समय युद्ध में हैं और ऐसे में यह उम्मीद नहीं की जा सकती कि शांतिकाल के नियम युद्धकालीन परिस्थितियों में भी लागू हों।''
