Uttarakhand : नैनीताल में नयना पीक पर ओलावृष्टि, बर्फबारी का इंतजार 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नैनीताल, अमृत विचार। सरोवर नगरी में सोमवार सुबह से दिन भर बारिश का दौर चलता रहा। नयना पीक आदि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ओलावृष्टि हुई, लेकिन अभी बर्फबारी का इंतजार है।

शीतलहर से तापमान गिरा है तो ठिठुरन बढ़ गई है। बारिश से बचने के लिए सैलानियों को छतरियों का सहारा लेना पड़ा। जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने सभी विभागों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।

बर्फबारी की बात करें तो बीते वर्ष अब तो दो बार यहां हिमपात हो चुका था। इस बार दो सप्ताह पहले ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हुई थी। मौसम के जानकारों का कहना है कि बर्फबारी में देरी व ठंड में कमी नैनीताल के भविष्य के लिए शुभ संकेत नहीं है। जलवायु परिवर्तन के चलते ठंड आगे खिसक गई है जो कि इस बार मार्च तक महसूस की जा सकती है।

अगर बर्फबारी नहीं होती है तो नैनी झील को रिचार्ज करने वाले प्राकृतिक जल स्रोत सूख जाएंगे। ऐसे में झील का जलस्तर नीचे जा सकता है। लोगों को पीने के पानी की समस्या से भी जूझना पड़ सकता है।


मौसम विभाग के निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह के अनुसार मंगलवार तक पश्चिमी विक्षोभ का असर बना रहेगा। इसके चलते हिमपात के आसार बने हैं।

मौसम केंद्र जीआईसी के अनुसार सोमवार को नगर का तापमान अधिकतम 10 डिग्री, न्यूनतम पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता अधिकतम 90 व न्यूनतम 60 फीसदी दर्ज की गई।

संबंधित समाचार