नौ दिसंबर : कोलकाता के अस्पताल में लगी भीषण आग, 90 मरीजों की हुई मौत

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नई दिल्ली। इतिहास में नौ दिसंबर का दिन एक दुखद घटना के साथ दर्ज है। साल 2011 में इसी दिन कोलकाता के एक अस्पताल में भीषण आग लगने से तकरीबन 90 मरीजों की मौत हो गई थी। अस्पताल के बेसमेंट से शुरू हुई आग ने पूरे अस्पताल को अपनी चपेट में ले लिया। बहुत से मरीजों को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन कई मरीजों की दम घुटने से मौत हो गई। देश दुनिया के इतिहास में नौ दिसंबर की तारीख में दर्ज महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-

1946 : कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी का इटली में जन्म।

1946 : नयी दिल्ली के काउंसिल चैम्बर के पुस्तकालय भवन में संविधान सभा की पहली बैठक हुई। मुस्लिम लीग ने बैठक का बहिष्‍कार किया और पाकिस्तान के लिए अलग संविधान सभा के गठन की मांग उठाई।

1961 : तंगानिका को आजादी मिली। जूलियस न्येरेरे इसके प्रथम प्रधानमंत्री बने और 1964 में जंजीबार द्वीप के साथ विलय के बाद इसका नया नाम हुआ तंजानिया।

1979 : विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) द्वारा चेचक के उन्मूलन के लिए दुनियाभर में चलाए गए अभियान के करीब 10 बरस बाद इस घातक संक्रमण के उन्मूलन का ऐलान।

1987: इंग्लैंड के पाकिस्तान दौरे में दूसरे टेस्ट मैच के दौरान कप्तान माइक गैटिंग और अंपायर शकूर राणा के बीच जमकर बहस हुई और दूसरे दिन का खेल शुरू नहीं हो पाया।

1992 : प्रिंस चार्ल्स और प्रिंसेस डायना के अलग होने की औपचारिक तौर पर घोषणा। 29 जुलाई 1981 को इस जोड़े के शाही विवाह को करीब एक अरब लोगों ने टेलीविजन पर देखा था।

2011 : कोलकाता के एएमआरआई अस्पताल में भीषण आग लगने से लगभग 90 मरीजों की मौत।

2020: फ्रांस में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में पांच बचावकर्मियों की मौत, एक घायल।

2024 : गाजा में इजराइल के हमलों में छह लोगों की मौत।

संबंधित समाचार