‘हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा’के दौरान बोले सलमान खुर्शीद- विपक्षी दलों को एक मंच पर लायेगी कांग्रेस
फर्रुखाबाद। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा कि लोकतंत्र को बचाने में विश्वास रखने वाले विपक्षी दलों को एक मंच में लाने का प्रयास जारी रखेगी। खुर्शीद ने रविवार को अपने गृह जिले फर्रुखाबाद में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस के सामने बड़ी चुनौतियां हैं लेकिन इससे भी बड़ी चुनौतियां देश के सामने है जिसे हमारे नेताओं ने जनता के सामने रेखांकित करने का प्रयास शुरू कर दिया है।
‘हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा’के दौरान उन्होंने कहा कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस उन सभी पार्टियों के साथ बात करेगी जो लोकतंत्र को बचाने में विश्वास रखते हैं। उन्होंने बताया कि वे पिछले दिनों बिहार गए जहां मुख्यमंत्री नितिश मौजूद थे। बड़े-बड़े नेताओं की बैठक में लोकतंत्र में विश्वास रखने वालों के एक मंच पर आने की चर्चा हुई। बिहार में हम सत्ताधारी दल का समर्थन कर रहे हैं।
एक अन्य प्रश्न के उत्तर में खुर्शीद ने कहा “कर्नाटक में चुनाव होने जा रहे हैं जहां हमारी जीत की अच्छी सम्भावनाएं है, हम चाहते है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वहां अपना समय दें।” उन्होंने कहा कि आज आमतौर से जनता पर अंकुश लगाये जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जनता को निष्पक्ष निर्णय लेने में बाधाएं डाली जा रही हैं। पत्रकारों पर भी अंकुश लगाये जाने के प्रयास किये जा रहे है। हम इसका विरोध कर रहे हैं। भ्रष्टाचार बढ़ रहा है, देश व प्रदेश में इस भ्रष्टाचार हम खुलकर विरोध करते है। रोजगारों का अभाव है, बेरोजगारी बढ़ी है, नौजवान कहां जाये, कीमतें बढ़ती जा रहीं है।
यह विचारणीय प्रश्न है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लाखों रोजगार दिये जाने के बयान पर तंज कसते हुये खुर्शीद ने कहा कि आज रोजगार, गैस सिलेण्डर की बढ़ती हुई कीमतें आदि को लेकर, जनता में आक्रोश है। केवल बड़े-बड़े पोस्टर लगाने से हम गरीबी को नहीं छिपा सकते। किसानों के आन्दोलन हुये और खत्म भी हो गए। लेकिन किसानों को कुछ भी नहीं मिला। हम सारी समस्याओं को उजागर करने का प्रयास कर रहे हैं। इस अवसर पर पूर्व विधायिका लुईस खुर्शीद, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज गंगवार, कांग्रेस पूर्व जिलाध्यक्ष मृत्युजंय शर्मा आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
