मुरादाबाद: सौतेली मां के कोप से बिलबिला उठी बच्ची, केस दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। सौतेली मां के कोप की शिकार 11 वर्षीय एक बच्ची रोते बिलखते मौसी की चौखट पर पहुंच गई। पीड़िता ने आपबीती बताते हुए शरीर पर पड़े जख्म मौसी को दिखाया। जख्म देख मौसी की आह निकल गई। मासूम बेटी संग सौतेली मां के खराब बर्ताव ने मौसी को इस कदर उद्वेलित किया कि वह पुलिस की चौखट पर पहुंच गई। मौसी की तहरीर पर सौतेली मां के खिलाफ केस दर्ज करते हुए मूंढापांडे पुलिस आरोपी की तह तक जाने में जुटी है।

कटघर थाना क्षेत्र में ब्रह्मपुरी की रहने वाली पूनम पत्नी रिंकू ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि वह मूलरूप से बरेली में गोविंदपुर गांव की रहने वाली है। छोटी बहन की शादी करीब 14 साल पहले मूंढापांडे थाना क्षेत्र के जैतपुर विसट गांव में हुई। छोटी बहन तीन बेटियों की मां बनी। चार साल पहले छोटी बहन की अचानक मौत हो गई। पेशे से किसान पति ने डेढ़ साल पहले दूसरी महिला से विवाह कर लिया। चार दिन पहले पूनम देवी को पता चला कि सौतेली मां काल बनकर उनकी भांजी पर टूट पड़ी है।

घरेलू कामकाज न करने का आरोप लगाकर सौतेली मां ने अपनी ही बेटी को इस कदर पीटा कि सिर से लेकर पांव तक उसके शरीर पर जख्म हो गए। घटना का पता लगते ही मौसी अपने भांजी का हाल जानने पहुंच गई। भांजी की दशा देख महिला के होश उड़ गए। मासूम भांजी को साथ लेकर मौसी मूंढापांडे थाने पहुंची। बच्ची के शरीर पर पड़े जख्म देख पुलिस भी सिहर उठी। प्रभारी निरीक्षक मूढापांडे आरपी सिंह ने तत्काल मासूम का मेडिकल कराया। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी ज्योति के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। सौतेली मां से मिले जख्म के कारण सहमी बिटिया फिलहाल मौसी के पास है। पीड़िता की छोटी बहन पहले से ही मौसी के घर रहती है। जबकि मझली बहन पिता के पास है।

ये भी पढे़ं- मुरादाबाद: कार्य बहिष्कार पर रहे बिजली कर्मचारी और अधिकारी, कल से करेंगे हड़ताल

 

 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज